रोहतक/पानीपत। संचार तकनीकी में भले ही 2जी से 3जी आगे है लेकिन चुनावी दंगल में भाजपा 2जी को 3जी से बेहतर प्लान बता रही है। भाजपा के प्रदेश चुनाव प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय ने कहा-"हरियाणा से 3जी को हटाकर 2जी लाना है। 3जी का मतलब- गुलाबी गैंग (हुड्डा की कांग्रेस), ग्रीन ब्रिगेड (इनेलो) और गुंडाराज। 2जी यानी- गुड गवर्नेंस।' उन्होंने कहा कि प्रदेश में फैले 3जी को हटाने के लिए रणनीति बनाई जा रही है।
विजयवर्गीय ने कहा कि 20 सितंबर तक उम्मीदवारों की दूसरी सूची भी जारी कर दी जाएगी। भाजपा किसी भी नेता को सीएम प्रोजेक्ट कर चुनाव नहीं लड़ेगी। सीएम का फैसला भाजपा विधायक आधा घंटे में कर लेंगे। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि विधानसभा चुनाव में किसी नेता के पुत्र या पुत्री को टिकट नहीं दिया जाएगा।
विजयवर्गीय ने कहा कि भाजपा हरियाणा में गुड गवर्नेंस के तहत वे उन अधिकारियों पर नकेल कसना चाहते हैं जो काम नहीं करते हैं या भ्रष्टाचार को बढ़ावा देते हैं। केंद्र व पंजाब में भाजपा के सहयोगी अकाली दल से इनेलो के गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि अकाली दल से पंजाब में गठबंधन है, हरियाणा में नहीं। राज्य में भाजपा अकेले ही मैदान में उतरी है। इस दौरान प्रो. गणेशीलाल, प्रदेश महामंत्री मनीष ग्रोवर, प्रदीप जैन व जिलाध्यक्ष रमेश भाटिया मौजूद रहे।
इससे पहले ग्रामीण सीट से भाजपा प्रत्याशी महिपाल ढांडा के समर्थन में विजयवर्गीय पानीपत में थे। यहां उन्होंने दावा किया कि भाजपा 60 से अधिक सीटें जीतेगी।
उन्होंने कहा-भाजपा एक ऐसी सरकार बनाएगी, जिसमें नौजवानों को रोजगार मिलेगा, महिलाओं को सम्मान और प्रदेश का विकास होगा। उन्होंने कहा कि हरियाणा जैसे बाहर से दिखता है, अंदर से वैसा नहीं। गांवों में सड़कें नहीं हैं, विकास में भेदभाव है। उन्होंने कहा कि मोदी के नेतृत्व में देश विकास की राह पर चल पड़ा है, हरियाणा को भी इसी रास्ते पर ले जाना है। कार्यक्रम में पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ और
सोनीपत के भाजपा सांसद रमेश कौशिक भी शामिल हुए।
आगे की स्लाइड़ में पढ़िए पूरी खबर...