पानीपत | हरियाणा के पंचायती राज में नई सुबह अंगड़ाई ले रही है। आज पहली बार 6187 पढ़े-लिखे सरपंच गांवों के विकास के लिए रोहतक के सीआर पॉलीटेक्निक में मुख्यमंत्री मनोहर लाल और पंचायतीराज मंत्री अोपी धनखड़ की मौजूदगी में शपथ लेंगे। इसी के साथ शुरू होगी उनकी परीक्षा। परीक्षा इसलिए कि इस बार हरियाणा ने देश की सबसे युवा पंचायत तैयार की है। सरपंचों की औसत उम्र 36 साल है। पहली बार 41.44% महिलाएं जीतीं। इनमें ज्यादातर पहली बार सरपंच बनी हैं। इसलिए इन पर विकास की अतिरिक्त जिम्मेदारी होगी। नए सरपंच विकासरथ को आगे कैसे बढ़ाएं? इसके लिए भास्कर लाया तीन अलग-अलग राज्यों की पंचायतों का उदाहरण, जिनके सरपंचों ने बदल दी गांवों की तस्वीर।