क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट से हटाए जाएंगे विवादित प्वाइंट : अनिल विज
इंडियनमेडिकल एसोसिएशन (आईएमए) के राज्यस्तरीय सम्मेलन में स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि अस्पताल और डॉक्टरों से संबंधित क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट से सभी विवादित प्वाइंट हटाए जाएंगे।
डॉक्टरों के सुझाव के बाद ही यह कानून पास होगा। स्वास्थ्य मंत्री ने आईएमए, नेशनल के महासचिव पदम श्री पुरस्कार विजेता डॉ. केके अग्रवाल का वह सुझाव भी मान लिया कि हरियाणा में मेडिकल संबंधी सभी विवादों को हल करने के लिए एक कमेटी बनाई जाए। जिसमें आईएमए के हरियाणा और देश स्तर पर चार और सरकार के दो प्रतिनिधि शामिल होंगे। डॉक्टर क्लीनिकल एस्टेब्लिशमेंट एक्ट का विरोध कर रहे हैं। उन्हें डर है कि इससे इंस्पेक्टरी राज को बढ़ावा मिलेगा। आईएमए के नए प्रदेश अध्यक्ष डॉ. पंकज मुटनेजा की सेरेमनी पर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि यह कानून पूर्व की कांग्रेस सरकार की बनया हुआ है, लेकिन भाजपा सरकार बजाय डॉक्टरों की राय के बिना कानून पास नहीं करेगी। स्वास्थ्य मंत्री ने हरियाणा मेडिकल वॉयलेंस एक्ट की कॉपी सभी एसपी को भेजने के आदेश भी दिए। डॉक्टरों पर हमला करने और अस्पताल में तोड़फोड़ करने पर कड़ी कार्रवाई का प्रावधान है। स्वास्थ्य मंत्री ने पीएनडीटी संबंधी फार्म को ऑनलाइन करने की घोषणा की।
जल्दी ही एक वेबसाइट बनाई जाएगी। जिसमें फार्म जमा किए जा सकेंगे। विज ने कहा कि फार्म में छोटी-मोटी जानकारी नहीं होने पर डॉक्टरों पर कार्रवाई नहीं होगी।