भिवानी का इनामी बदमाश प्रधान राजस्थान में गिरफ्तार
पानीपत/बीकानेर। भिवानीके लोहारू में वर्ष 2014 में हुए चर्चित उमेश हत्याकांड का 25 हजार रुपए का इनामी अपराधी रमेश उर्फ प्रधान रविवार को राजस्थान में पकड़ा गया। उसके साथ उसके भांजे को भी पुलिस ने दबोचा। प्रधान ने पिछले दिनों राजस्थान के बीकानेर जिले में ट्रांसपोर्ट कंपनी मालिक की 20 लाख रुपए सुपारी लेकर हत्या करवाई थी।
प्रधान पर हत्या, डकैती सहित अन्य धाराओं में हरियाणा में 10 और राजस्थान में सात मामले दर्ज हैं। वह जल्द ही लौहारू में एक युवक की हत्या करने की साजिश कर रहा था।
बीकानेर आईजी डॉ. गिर्राज मीना ने बताया कि गिरफ्तार आरोपित भिवानी के सलेमपुर (बहल) निवासी रमेश उर्फ प्रधान जाट उसके भांजे अजय डारा उर्फ एडी को उदयपुर से बापर्दा गिरफ्तार किया गया है। दोनों को कोर्ट में पेश कर 17 फरवरी तक रिमांड पर लिया है।
वारदात को अंजाम देने वाले तीन अन्य अभियुक्तों को भी नामजद कर लिया है जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपितों ने 30 जनवरी को बालाजी ट्रांसपोर्ट कंपनी के मालिक करतारसिंह की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।