महिला पुलिसकर्मियों से मारपीट, वर्दी फाड़ी
छात्रासे दुष्कर्म की शिकायत पर पूछताछ करने पहुंची महिला एएसआई एवं अन्य महिला पुलिस कर्मियों के साथ पीड़ित परिवार के लोगों ने बदसलूकी करते हुए मारपीट की और उनकी वर्दी फाड़ दी। परिजन छात्रा से पूछे जा रहे सवालों से आहत हुए। बाद में माॅडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और बीच-बचाव किया। बाद में छात्रा का मेडिकल करवाकर दो आरोपियों के खिलाफ दुष्कर्म का मामला दर्ज किया है, वहीं महिला पुलिस कर्मियों से मारपीट, ड्यूटी में बाधा पहुंचाने और धमकी देने की धाराओं के तहत माॅडल टाउन थाना में छात्रा के परिवार के लोगों पर मामला दर्ज किया गया है।
दोलोगों पर लगाया दुष्कर्म का आरोप
जाटलरोड पर रहने वाली एक छात्रा ने आरोप लगाए है कि दो लोगों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। मामला किसी स्कूल से जुड़ा हुआ बताया गया है। शनिवार दोपहर बाद महिला थाना से एएसआई निर्मला अन्य महिला पुलिस कर्मी इसकी जांच के लिए पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे। छात्रा से दुष्कर्म को लेकर पूछताछ की गई। इस पूछताछ से छात्रा के परिजन भड़क उठे। उन्होंने आरोप लगाए कि महिला पुलिस कर्मी आरोपी लोगों से मिलीभगत कर उनका ही पक्ष ले रहे हैं। इस पर यहां विवाद हो गया। छात्रा की मां ने महिला पुलिस कर्मियों से बदसलूकी करते हुए उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान परिवार के अन्य सदस्य भी इकट्ठा हो गए और काफी देर तक हंगामा किया। सूचना मिलने के बाद मॉडल टाउन थाना पुलिस मौके पर पहुंची। उन्होंने बीच-बचाव किया।
परिजनों पर बदसलूकी का केस दर्ज किया
महिलाथाना प्रभारी कविता ने बताया कि छात्रा का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस ने दो लोगों सुनील और मदन के खिलाफ दुष्कर्म के आरोप में मामला दर्ज किया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। पूछताछ के दौरान छात्रा के परिजनों ने बदसलूकी की। मामले में माॅडल टाउन थाना पुलिस ने छात्रा, उसकी मां, पिता अन्य के खिलाफ पुलिस कर्मियों से बदसलूकी, मारपीट, धमकी देने और काम में बाधा पहुंचाने की धाराओं के तहत केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
{दुष्कर्म की शिकायत पर पीड़िता से पूछताछ करने उसके घर पहुंची थीं