सीएम से चंडीगढ़ में मिले जाट आंदोलन 31 मार्च तक टाला
भास्कर न्यूज | चंडीगढ़/पानीपत
आरक्षणकी मांग को लेकर आंदोलन कर रहे जाट संगठनों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सीएम मनोहर लाल से चंडीगढ़ में मिला। बातचीत के बाद जाट नेताओं ने आंदोलन 31 मार्च तक टालने की घोषणा की। उनका कहना है कि सीएम ने उनकी बात सुनी है और पहली बार लगा कि आरक्षण को लेकर सरकार पॉजिटिव माइंड है। उधर, जाटों का एक गुट पीछे हटने को तैयार नहीं है। उसका कहना है कि 12 फरवरी को हिसार के मय्यड़ में रैली होगी और वहीं आगे की रणनीति बनेगी।
दरअसल, जाट संघर्ष समिति, समस्त जाट समाज और संयुक्त जाट आरक्षण संघर्ष समिति समेत कई जाट संगठनों का प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब 12 बजे मुख्यमंत्री से मिलने उनके आवास पर पहुंचा। बैठक में सीएम के कृषि मंत्री ओमप्रकाश धनखड़, अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री कृष्ण कुमार बेदी के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला भी शामिल हुए। पेज2 भी पढ़िए
हवा सिंह सांगवान यशपाल मलिक गुट ने किया बायकाॅट
बैठकमें अखिल भारतीय जाट आरक्षण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष यशपाल मलिक प्रदेशाध्यक्ष हवा सिंह सांगवान शामिल नहीं हुए। हवा सिंह सांगवान ने कहा, ‘12 फरवरी को मय्यड़ में रैली होगी। इसी में अागे की रणनीति तैयार की जाएगी। बड़े स्तर पर प्रदर्शन का फैसला हो चुका है। हम इससे पीछे नहीं हटेंगे। हमारा एजेंडा क्लियर है।’
21से राष्ट्रीय आंदोलन : मलिक
राष्ट्रीयअध्यक्ष यशपाल मलिक ने कहा है कि जब तक हरियाणा में जाटों काे आरक्षण नहीं मिलेगा, केंद्र में नहीं मिल सकता। 21 फरवरी को मय्यड़-रामायण की जमीन पर पड़ाव डालकर राष्ट्रीय आंदोलन शुरू होगा। इसी कड़ी में 24 को उत्तरप्रदेश, 26 को दिल्ली और 27-28 से दिल्ली से आंदोलन शुरू होगा।
बैठक के दौरान सीएम ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया कि उनकी मांग पर गौर किया जाएगा और उचित हल निकाला जाएगा। चीफ सेक्रेटरी की अध्यक्षता में 4 सदस्यीय कमेटी जाट आरक्षण की स्टडी करेगी। कमेटी में अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के प्रधान सचिव टीसी गुप्ता, उद्योग विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह महाअधिवक्ता हरियाणा कार्यालय का एक प्रतिनिधि शामिल होगा। इसकी रिपोर्ट 31 मार्च तक आएगी। साथ ही जाट आरक्षण की मांग को लेकर नरवाना लघु सचिवालय के सामने चल रहे आमरण अनशन को तुड़वाने बीजेपी प्रदेशाध्यक्ष सुभाष बराला को नरवाना भेजे जाने का भरोसा दिलाया। बैठक के बाद जाट संगठनों ने 31 मार्च तक अपने आंदोलन को टाल दिया। सर्व जाट खाप के प्रवक्ता सूबे सिंह समैण ने कहा कि सीएम ने उनकी बात को सुना है। उन्हें उम्मीद है कि सरकार समस्या का हल निकालेगी। बैठक में शामिल पवन बनवाला ने कहा कि बातचीत का ब्योरा बुधवार को अनशन स्थल नरवाना में रखा जाएगा। वहां ही इस पर निर्णय लिया जाएगा।