सस्ता प्लाॅट दिलाने का झांसा देकर दो लाख ठगे
सस्तेदामों में प्लाॅट और जमीन दिलाने का झांसा देकर एक ठग गिरोह ने भिवानी के एक युवक को पानीपत में ठग लिया। उसको पानीपत में 30 लाख रुपए का प्लाॅट 15 लाख रुपए दिलाने का वादा किया। जनवरी में युवक से ठगों ने दो लाख रुपए ले लिए। उससे दो लाख रुपए की और मांग की। इस पर युवक अपने घर चला गया। बाद में युवक को ठगों के बारे में जानकारी लगी, तो उसने रुपए मांगे। इस पर उसे जान से मारने की धमकी दी। रविवार को गिरोह के दो लोगों को गिरफ्तार कर 90 हजार रुपए बरामद कर लिए हैं। पुलिस, गिरोह की महिला साथी सहित तीन लोगों की तलाश कर रही है।
एंटी स्नेचिंग टीम इंचार्ज एसआई छबील सिंह ने बताया कि युवक सुंदरलाल भिवानी के बरेला गांव का है। उससे वहां के धर्मेंद्र सिंह ने संपर्क किया कि वह पानीपत में उसको सस्ते दामों में प्लाॅट दिला देगा। बाद में भिवानी हाल तहसील कैंप निवासी महेन्द्र उर्फ सेठी, जींद के निडानी हाल देशराज कॉलोनी निवासी सतीश उर्फ नानू, किशनपुरा निवासी ज्योति उर्फ मीनू उससे मिलने भिवानी गए। आरोपितों ने पानीपत में 30 लाख का प्लाॅट 15 लाख रुपए में दिलाने का झांसा दिया। युवक 18 जनवरी को पानीपत आया। यहां पर बस स्टैंड के पास एक होटल में आरोपितों ने प्लाॅट बिना दिखाए उससे दो लाख रुपए एडवांस लेकर दो लाख रुपए की और मांग की। इस पर युवक रुपए बाद में देने की बात कहकर घर चला गया।
जान से मारने की दी धमकी
भिवानीजाने के बाद सुंदरलाल को किसी ने इस गिरोह के बारे में जानकारी दे दी। इस पर युवक ने आरोपितों से संपर्क कर दो लाख रुपए वापस मांगे, तो आरोपियों ने उसको जान से मारने की धमकी दी। इस पर युवक ने सेठी, नानू, धर्मेंद्र, राजेन्द्र मीनू के खिलाफ सिटी थाने में मामला दर्ज करवाया। मामले की जांच एंटी स्नेचिंग टीम के इंचार्ज को दी गई। पुलिस ने सेठी और नानू को गिरफ्तार कर 90 हजार रुपए बरामद कर लिए।