अदालत में आज पेश होगा चालान
चांदनीबाग थाना के पीछे शुक्रवार को आनंद इंटरनेशनल में लगी आग के मामले में जांच तीसरे दिन भी ज्यादा आगे नहीं बढ़ पाई। पुलिस का कहना है की मृतक मजदूर रामप्रकाश के परिजन अपने गांव गए हुए हैं, उनके आने के बाद ही मामले की गहनता से जांच हो सकेगी। वहीं फैक्ट्री मालिक और मैनेजर की तलाश जारी है। पुलिस ने रविवार को फैक्ट्री में पहुंच यहां के मजदूरों से बात की। इसमें उनसे आग लगने की पूरी घटना के बारे में जाना है और उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन भी दिया।
मामले में सोमवार को एफएसएल टीम जांच के लिए पहुंचेगी। सेफ्टी एंड हेल्थ विभाग भी मशीनों की जांच कर पता लगाने का प्रयास करेगा कि आग लगने से पहले फैक्ट्री में लगी मशीनों की क्या स्थिति थी। मामले में मजदूरों का रिकॉर्ड दिखाए जाने पर लेबर विभाग की तरफ से काटे गए चालान सोमवार को कोर्ट में पेश किए जाएंगे।
2.5लाख मजदूर, ईएसआई कार्ड केवल 30 हजार
सेंटरऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन के जिला प्रधान सुनील दत्त ने बताया कि किसी भी फैक्ट्री में आग लगने के बाद विभाग मजदूरों का रिकाॅर्ड चेक करता फिरता है लेकिन इससे पहले किसी फैक्ट्री पर ध्यान नहीं दिया जाता कि किस फैक्ट्री में कितने मजदूर हैं और उनमें से कितने मजदूरों का रिकाॅर्ड है। अधिकारियों की अनदेखी के कारण ही स्थिति ज्यादा दयनीय है और फैक्ट्री मालिक अपनी मनमानी करते हैं। जिले में करीब 2.5 लाख मजदूर टैक्सटाइल फैक्ट्रियों में मजदूरी करते हैं। लेकिन इसमें से केवल 30 हजार टैक्सटाइल मजदूरों के ईएसआई कार्ड बने हुए हैं, मतलब इनका पूरा रिकाॅर्ड फैक्ट्रियों के पास हैं। उन्होंने मांग की कि सरकार और फैक्ट्री मालिक पीड़ित परिवार को जल्द मुआवज दे।
परिजनों का इंतजार : थाना प्रभारी
चांदनीबैग थाना प्रभारी अनिरुद्ध ने बताया कि मृतक के परिजनों के आने का इंतजार है। उनके आते ही दोनों पक्षों के साथ मामले की पूरी जांच की जाएगी। मामले में अगर कोई भी दोषी मिलता है तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। सोमवार को एफएसएल टीम जांच करेगी, उसकी रिपोर्ट भी तब तक जाएगी। रविवार को फैक्ट्री जाकर मजदूरों से बात की थी, उनसे भी मामले की पूरी जानकारी ली गई है।