जिला परिषद सदस्यों को करनाल में सीएम आज दिलाएंगे शपथ, पांच रोडवेज बसों का प्रबंध किया
पंचायतीराज संस्थाओं के नव-निर्वाचित जिला पार्षद, पंचायत समिति सदस्यों, पंच और सरपंचों के करनाल में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए जिला पंचायत एवं विकास कार्यालय की ओर से विशेष व्यवस्थाएं की गई है। शपथ ग्रहण समारोह स्थल तक ले जाने के लिए विभाग ने रोडवेज बसों की व्यवस्था की है और इन बसों में कर्मचारियों की को-ऑर्डिनेटर के तौर पर ड्यूटी लगाई गई हैं।
जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी ने अपने कार्यालय में संबंधित कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपी। बताया कि जिला पार्षद पंचायत समिति सदस्यों को 12 फरवरी को राज्यस्तरीय समारोह में सुबह 11 बजे करनाल में मुख्यमंत्री मनोहरलाल खट्टर शपथ दिलाएंगे। वहीं सरपंचों को 15 फरवरी को राज्य स्तरीय समारोह में सुबह 11 बजे रोहतक में मुख्यमंत्री शपथ दिलाएंगे। इसके अलावा पंचों को मंडलस्तरीय समारोह में 16 फरवरी को झज्जर में विकास एवं पंचायत मंत्री ओमप्रकाश धनखड़ शपथ दिलाएंगे। नवनिर्वाचित सदस्यों को खंड कार्यालयों से समारोह स्थल तक ले जाने वापस लाने के उचित प्रबंध किए हैं। ले जाने और लाने के लिए रोडवेज बसों की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक बस में निर्वाचित प्रतिनिधियों के साथ एक को-ऑर्डिनेटर होगा। इसके लिए जेई ग्राम सचिवों की ड्यूटी लगाई गई हैं।
शपथ पत्र की प्रति सहित भेजे जा रहे हैं निमंत्रण पत्र
शपथग्रहण समारोह के लिए सभी नवनिर्वाचित सदस्यों को विभाग की ओर से निमंत्रण पत्र भेजे जा रहे हैं। सभी निमंत्रण पत्र आयोजक जिलों से प्रिंट होकर पहुंचे हैं। प्रत्येक निर्वाचित सदस्य को निर्धारित शपथ पत्र की दो-दो प्रति शपथ ग्रहण करने के लिए दी जाएगी। सभी सदस्यों के लिए पैकिंग लंच और पानी के पाउच इत्यादि की व्यवस्था संबंधित बीडीपीओ की तरफ से की जानी है। बसें हरियाणा रोडवेज की जाएंगी, यदि यहां से बसों की व्यवस्था नहीं होती है तो उसी दर पर प्राइवेट बसों की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही उन सदस्यों की सूची तैयार की जा रही है जो अपने निजी वाहनों से समारोह स्थल तक जाना चाहते हैं। जिससे इनकी सूची पहले ही तैयार हो जाए और उसी अनुसार वाहनों की व्यवस्था हो सके।
हर ब्लॉक से बसों में जाएंगे जिला परिषद और ब्लाॅक समिति सदस्य
जिलापरिषद और ब्लाक समिति सदस्यों के लिए होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में करनाल तक जाने के लिए जिले में कुल 5 रोडवेज बसें लगाई हैं। इसमें पानीपत, इसराना, समालखा और मतलौडा में एक-एक बस, जबकि सनौली और बापौली दोनों ब्लॉकों के लिए एक बस लगाई गई है। सरपंचों के लिए रोहतक में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए भी यही व्यवस्था की गई है। पंचों के लिए झज्जर में होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिए जिले में कुल 41 बसें लगाई गई हैं। इसमें पानीपत, इसराना, समालखा और मतलौडा ब्लॉकों के लिए आठ-आठ बसें लगाई गई हैं। बापौली ब्लॉक के लिए 5 और सनौली ब्लॉक के लिए कुल 4 बसें लगाई गई हैं।