पानीपत. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव हाजी मोहम्मद इसरार की मौत पर रार और तेज होती जा रही है। इसरार की मौत के 5 दिन बाद शनिवार को कांग्रेस के रोहतक से सांसद दीपेंद्र हुड्डा उनके घर पहुंचे। परिजनों से मिले और सरकार से इसकी निष्पक्ष जांच की मांग की। कहा- सच सामने आए और परिवार को न्याय मिलना चाहिए। डेढ़ घंटे बाद ही भाजपा नेता व यार्न डीलर एसोसिएशन के प्रधान सुरेंद्र रेवड़ी के पक्ष में बाजारों के प्रधान उतर आए। कहा- सब जानते हैं कि इसरार ने सुसाइड किया है। कांग्रेस राजनीति कर रही है।
30-35 कांग्रेस नेताओं के साथ शनिवार शाम दीपेंद्र हुड्डा दलबीर नगर पहुंचे। इसरार के परिजनों से मिले। परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई। कहा कि पुलिस केस की सही से जांच नहीं कर रही है। भाजपा के 30 साल तक रहने के बाद कांग्रेस नेताओं के पास इसरार के परिजनों के जाने के सवाल पर दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि यह कोई राजनीति नहीं है। छह दिन हो गए, अब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। इनकी मदद में कांग्रेस के लोग सामने आए हैं।
फोन की रिकॉर्डिंग सुनाई
इसरार के घर पहुंचे सांसद दीपेंद्र हुड्डा को, परिजनों ने उस फोन की रिकॉर्डिंग भी सुनाई। जिसमें नगर निगम के ठेकेदार अशोक शुक्ला और जावेद की बातें रिकॉर्ड हैं। जावेद ने कहा कि शुक्ला बार-बार फोन कर उन्हें लालच दे रहा था। वहीं, समधी अल्लारखा ने कहा कि वे हिंदी नहीं जानते, उर्दू की पढ़ाई की है। इसीलिए कागज पर साइन करने को कहा तो कर दिया। उन्होंने कहा कि वे ऐसा कतई नहीं मानते कि सुरेंद्र रेवड़ी ने हाजी मोहम्मद इसरार की हत्या कराई है, लेकिन वे सिर्फ यही चाहते हैं कि इस पूरे मामले की जांच हो ताकि सच्चाई सामने आ सके कि मौत कैसे हुई।
जांच हो, सियासत नहीं : व्यापारी
शनिवार को शहर के व्यापारी व बाजार प्रधान सुरेंद्र रेवड़ी के समर्थन में उतर आए। शाम को स्काईलार्क में बुलाई बैठक में करीब 200 व्यापारी, उद्यमी और बाजार एसोसिएशनों के पदाधिकारी पहुंचे। द पानीपत यार्न डीलर एसोसिएशन की ओर से आयोजित इस बैठक में प्रधान रेवड़ी तो नहीं पहुंचे पर एसोसिएशन के सचिव संजय कालड़ा ने अध्यक्षता की। बोले- मामले की जांच होनी चाहिए पर सियासत नहीं।
16 संगठनों के प्रधान पहुंचे: हैंडलूम मेन्युफेक्चरर एसोसिएशन के प्रधान राकेश चुघ, संयुक्त व्यापार मंडल के प्रधान दर्शनलाल वधवा, इंसार बाजार देवी मंदिर रोड के प्रधान सुशील भराड़ा, हैंडलूम एसोसिएशन सेठी चौक के प्रधान सुरेंद्र बठला, हैंडलूम बाथमेट एसोसिएशन के प्रधान सचिन जताना, श्रीराम मंदिर के प्रधान बसंतलाल रामदेव, श्रीभीमगोड़ा मंदिर के प्रधान जोगिंद्र कमल, राजस्थान मित्र मंडल के प्रधान ओपी गोयनका, सुरेश गर्ग, अंकुर बतरा, संजय गुप्ता, सुरेंद्र चावला, प्रदीप रेवड़ी, सुरेश दुर्गा, हरिमोहन, वरुण बठला, व्यापार मंडल सनौली रोड के प्रधान मलिक राज गर्ग, हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के शहरी प्रधान मोहनलाल गर्ग, डायर्स एसोसिएशन के प्रधान भीम राणा, प्रधान इंसार चौक अमन मुंजाल बैठक में शामिल रहे।
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटोज