पानीपत. भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश महासचिव हाजी मोहम्मद इसरार की संदिग्ध हालात में हुई मौत पर चल रही सियासत को थामने के लिए सुरेंद्र रेवड़ी 200 से अधिक शहर वासियों को लेकर इसरार के घर पहुंचे।
जहां रेवड़ी इसरार के परिजनों के बीच घिर गए। इसरार के भाई निसार ने पूछा- छह दिन हो गए आने में, पहले कहां थे? रेवड़ी बोले- पहले आप विरोधी के हाथ खेल रहे थे। आज शहर वासियों, धार्मिक और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों व भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ अपने कार्यकर्ता के निधन पर शोक जताने और श्रद्धांजलि देने आया हूं। रेवड़ी ने हाथ जोड़कर विवाद को खत्म करने की अपील की, लेकिन इसका असर हुआ नहीं।
परिजनों ने सभी सीसीटीवी फुटेज की रिकॉर्डिंग और कॉल डिटेल मांगी। बात बढ़ने लगी तो धीरे-धीरे सब उठकर निकल पड़े। रविवार शाम भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद विज, विधायक रोहिता रेवड़ी, महीपाल ढांडा, सुरेंद्र रेवड़ी सहित 200 से अधिक लोग स्काईलार्क में इकट्ठे हुए। जहां से सभी इसरार के घर रवाना हुए।
शांति के प्रयास सवाल जवाब में उलझे: सुरेंद्र रेवड़ी के शांति के प्रयास सवाल-जवाब में ही उलझ गए। रेवड़ी ने निसार से पूछा कि बताएं, क्या करना है।
जवाब मिला-वे क्या बताएं। आपको अब याद आई है। इसरार ने दवा खाई फिर क्या हो गया कि छत से कूद गया। पहले कहते थे इसरार सिर्फ दो बार मिला। आपने एक बार फोन तक नहीं किया, आज कहते हैं पुराने कार्यकर्ता हैं। शुक्ला को जानते तक नहीं थे फिर अचानक आपके साथ कैसे आ गया। रेवड़ी ने कहा शुक्ला उनका आदमी नहीं, वह तो सिर्फ मदद करने इसरार के साथ अस्पताल भी गया और फोन भी किया।
छत पर इसरार ने कुछ लोगों से की थी बातें
विधायक कार्यालय की छत पर चढ़ने के बाद हाजी ने अपने तीन-चार जानकारों से मोबाइल पर बातें की, ऐसा सामने आ रहा है। पुलिस ने हाजी के फोन की कॉल डिटेल निकलवाई हैं। हाजी के पास दो नंबर थे। इनमें एक नंबर की कॉल डिटेल पुलिस को मिल चुकी हैं। इनकी जांच की जा रही है। चांदनी बाग थाना प्रभारी अनिरुद्ध चौहान का कहना है कि अभी कोई विशेष बात सामने नहीं आई है। हाजी ने आत्महत्या की है यह फुटेज में जाहिर हो रहा है। किन लोगों से उसने फोन पर बात की इसकी जांच कर रहे हैं।
प्रमोद विज ने पकड़े निसार के पैर
विवाद शांत करने के लिए जिला अध्यक्ष प्रमोद विज ने निसार के पैर तक दबाए, वहीं सुरेंद्र रेवड़ी ने हाथ जोड़े। विवाद नहीं सुलझता देख सुरेंद्र रेवड़ी ने जांच कराने की बात कही और सभी निकल गए। रेवड़ी के साथ सर्व संगठन सेवा संस्थान के मुख्य संयोजक सुरेश काबरा, मेयर सहित 8 पार्षदों में लोकेश नांगरू, संजीव दहिया, अशाेक नारंग, प्रदीप सैनी, राजू तेलवाला, संजीव कालाबुग्गी वाला के साथ ही राकेश चुघ और अन्य मौके पर पहुंचे थे।