गोहाना. घड़वाल गांव में सोमवार सुबह बीए के छात्र ने गांव में एक विवाहिता की उसी के ससुराल में गोली मारकर हत्या कर दी और खुद को भी गोली मार ली। दोनों एक कमरे में बंद थे और लाशें एक चारपाई पर मिली। घटना को अंजाम उस समय दिया, जब महिला के पति ने कमरे का दरवाजा खटखटाते हुए पत्नी को आवाज लगानी शुरू की। लेकिन दरवाजा नहीं खुला। जब पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो सोनिया (30) और नरेंद्र (21) मृत अवस्था में पड़े हुए थे। 9 एमएम की पिस्तौल से सिर में गोली लगी थी।
सोनिया के पति राजबीर ने बताया कि रात करीब तीन बजे जब उसकी आंख खुली तो सोनिया उसके कमरे में नहीं मिली। जिस पर छत पर बने कमरे में जाकर देखा तो दरवाजा अंदर से बंद था। अंदर से कोई आवाज नहीं आई। जिसके बाद वह नीचे आकर सो गया। सुबह सात बजे फिर दरवाजा खटखटाया। इसी बीच गोली चलने की आवाजें सुनाई दीं।
3 माह पहले मिला था सोनिया के पास फोन : जांच में पता चला है कि सोनिया के पास 3 माह पहले एक मोबाइल मिला था। जिसे लेकर पति-पत्नी के बीच झगड़ा रहने लगा। सोनिया के परिजन उसे ले गए थे। एक माह पहले ही सोनिया ससुराल आई थी।
10 वर्ष पहले हुई थी शादी : सोनिया मूलरूप से हांसी की थी। दस वर्ष पहले उसकी शादी राजबीर के साथ हुई। राजबीर की दूसरी शादी थी। उनका आठ वर्ष का बेटा है और 14 साल का बेटा पहली पत्नी से है। गांव का नरेंद्र उर्फ काला रोहतक के जाट कॉलेज में बीए प्रथम वर्ष का छात्र था।