जींद। जैसे ही वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु जाट धर्मशाला के समीप पहुंचे तो वहां पर पहले से ही मौजूद निडानी की एक महिला गाड़ी के आगे लेट गई। सुरक्षाकर्मियों ने उसे हटाकर भीड़ को अलग थलग किया।
निडानी गांव से संदिग्ध परिस्थितियों में करीब 12 दिन पहले गायब हुए युवक का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उसका अपहरण कर उसे बंधक बनाकर रखा हुआ है। आरोप लगाया कि उसे लड़की पक्ष के प्याऊ माजरा के लोगों ने बंधक बनाया हुआ है। इस मामले में वे वित्तमंत्री से मिलने पहुंचे थे।
निडानी गांव निवासी करीब 28 वर्षीय विकास की शादी करीब तीन साल पहले प्याऊ माजरा निवासी निर्मला के साथ हुई थी। करीब छह माह बाद दहेज मांगने का आरोप लगाते हुए कोर्ट में केस दर्ज किया हुआ। बताया गया है कि हांसी कोर्ट में मामले की सुनवाई चल रही है। एक फरवरी को विकास पेशी भुगतने के लिए हांसी कोर्ट गया हुआ था। युवक के पिता रामरतन का आरोप है कि उसे उसकी ससुराल के लोगों ने किडनैप कर लिया। बाद में उन्होंने फोन कर हामी भी भरी है। लेकिन उसे नहीं छोड़ रहे। इसकी शिकायत पुलिस को भी दी गई,लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप लगाया कि वे वित्तमंत्री कैप्टन अभिमन्यु के नाम पर धमकी दे रहे हैं। मामले को लेकर निडानी गांव के महिला पुरुष शुक्रवार को जींद पहुंचे कैप्टन अभिमन्यू से मिलने पहुंचे। यहां महिलाएं वित्तमंत्री की गाड़ी के आगे लेट गई थीं।