पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • भिवानी में मेडिकल कॉलेज के लिए सीएम ने केंद्र को लिखा पत्र

भिवानी में मेडिकल कॉलेज के लिए सीएम ने केंद्र को लिखा पत्र

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत/भिवानी। भिवानी में चौधरी बंसीलाल के नाम पर मेडिकल कॉलेज बनाने का मामला गरमाने के बाद अब स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज के तेवर ठंडे पड़ गए हैं। एक दिन पहले तक विज कह रहे थे कि भिवानी में मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव ही नहीं है। बुधवार को उन्होंने कहा कि हुड्डा सरकार ने भिवानी में मेडिकल कॉलेज की घोषणा केंद्र सरकार की अस्पतालों को अपग्रेड करने की योजना के तहत की थी।

अब मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने योजना की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखा है। विज ने सफाई दी कि इस संबंध में उन्होंने केवल यह कहा था कि यह मामला उनके संज्ञान में नहीं लाया गया है। इस पर उन्होंने रिपोर्ट मांगी थी। विज ने कहा कि कांग्रेस के कुछ विधायकों व पूर्व विधायकों द्वारा दी जा रही बयानबाजी महज कांग्रेस के खोए हुए राजनीतिक आधार को पुनर्जीवित करने का एक प्रयास है। भाजपा सरकार प्रदेश के लोगों के स्वास्थ्य के प्रति कोई कोताही नहीं बरतेगी और जनहित के कार्यों को हमेशा करती रहेगी।
पंचायतों ने जमीन का प्रस्ताव भी दे रखा है : मेडिकल कॉलेज व खेल विश्वविद्यालय की मांग पुरानी है। इनके लिए जमीन उपलब्ध करवाने को गांव प्रहलादगढ़ और निमड़ीवाली की पंचायतें पहले ही प्रस्ताव पारित कर सरकार के पास भेज चुकी हैं।
महेंद्रा ने गरमाया मामला, किरण ने मिलाए थे सुर
मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव न होने के बारे में रविवार को विज का बयान आने के बाद सबसे पहले बंसीलाल के बड़े बेटे एवं बीसीसीआई के अध्यक्ष रहे रणबीर महेंद्रा ने मामला उठाया। उसके बाद बंसीलाल के छोटे बेटे सुरेंद्र सिंह की पत्नी एवं कांग्रेस विधायक दल की नेता किरण चौधरी ने इसमें सुर मिलाया। असल में मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव मंजूर करवाने के लिए पहले भी महेंद्रा और श्रुति चौधरी में श्रेय लेने की होड़ लगी थी।
इधर, सांसद धर्मबीर बोले-मंजूरी का दस्तावेज दिखाएं, काम मैं करवाऊंगा
भिवानी-महेंद्रगढ़ से भाजपा सांसद धर्मबीर सिंह ने भी भिवानी में मेडिकल कॉलेज व खेल विश्वविद्यालय बनाने की पैरवी की है। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि भिवानी में चिकित्सा सुविधाएं कम हैं। हुड्डा सरकार ने मेडिकल कॉलेज का प्रस्ताव विधानसभा में पारित करवा कर केंद्र सरकार को भेजने के सवाल पर सांसद बोले-‘यदि किसी के पास नोटिफिकेशन की प्रति है या अन्य दस्तावेज हैं तो लाकर दिखाएं। उस दस्तावेज को लेकर मुख्यमंत्री या प्रधानमंत्री से मिलकर इस कार्य को मैं पूरा करवाऊंगा।’
मंत्री के ताजा स्टैंड पर भी विवाद
विज ने कहा मेडिकल कॉलेज की योजना आगे बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय को पत्र लिखा है।
महेंद्रा का दावा : कांग्रेस सरकार ने सिविल अस्पताल को अपग्रेड करते हुए बंसीलाल के नाम पर ही मेडिकल कॉलेज बनाने की घोषणा की थी। प्रदेश सरकार ने 180 करोड़ का बजट भी तैयार कर लिया था। यूपीए सरकार में स्वास्थ्य मंत्री गुलाम नबी आजाद ने इसे स्वीकृति दे दी थी। अब केंद्र के पास भेजने का मतलब नहीं।
किरण बोलीं : विज को इस तरह का बयान देने के बजाय इस दिशा में जमीन एक्वायर कर इस पर काम शुरू कराना चाहिए था। हम तो मेडिकल कॉलेज के लिए हांसी रोड पर जमीन पर भी देख आए थे। अब भिवानी से रोहतक कैसे दूर लगने लगा।