- Hindi News
- यू टर्न वाले अंडरपास के लिए विधायक से मिले बरसत रोड वासी
यू-टर्न वाले अंडरपास के लिए विधायक से मिले बरसत रोड वासी
पानीपत | हाईवेपर बरसत रोड मोड़ के पास यू-टर्न वाला अंडरपास बनाने की मांग को लेकर शनिवार शाम को बरसत रोड वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल विधायक रोहिता रेवड़ी से मिला। विधायक ने मांग को आगे सरकार तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। उन्होंने मौके का निरीक्षण भी किया और धरने को भी उठाने को कहा। एसोसिएशन पदाधिकारी रविवार को धरनास्थल पर बैठक कर आगामी निर्णय लेेंगे।
ओवरब्रिज के नीचे से निकलने या फिर ओवरब्रिज पर पहुंचने का कोई रास्ता नहीं है। ऐसे में बरसत रोड पर रहने वालीं कई कॉलोनी के लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। हाईवे पर बरसत रोड के पास यू-टर्न वाला अंडरपास बनाने की मांग को लेकर बरसत रोड वेलफेयर एसोसिएशन के पदाधिकारी कई अन्य महिलाओं और पुरुषों के साथ शुक्रवार को धरने पर बैठ गए थे।
एसोसिएशन के प्रतिनिधि संजय गुप्ता ने कहा कि पुल बनाते हुए सोचा नहीं गया। बरसत रोड पर 40 से अधिक गांव कॉलोनियां हैं। इंदिरा विहार, जसवीर कॉलोनी, गीता कॉलोनी, हरि सिंह कॉलोनी, मोतीराम कॉलोनी, अंसल, कृपाल आश्रम सहित अन्य कॉलोनियों के साथ ही अजीजुलापुर, भैंसवाल, बिचपड़ी, नूरवाला सहित कई गांव भी हैं। समस्या के समाधान के लिए विधायक को वे शनिवार को मिले हैं। विधायक ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी तक उनकी आवाज पहुंचाने की बात कही है। सांसद को भी इसको लेकर मांगपत्र दिया जाएगा। विधायक से मिलने वालों में डाॅ. वेद गुप्ता, भूपेंद्र सिंह, पप्पी जुनेजा, प्रदीप शर्मा, संजय सिंगला, आरडी गुप्ता सहित कई लोग शामिल रहे।