पुलिसकर्मी पर महिला से छेड़छाड़ का आरोप
फरीदपुरगांव की महिला ने सेक्टर-6 पुलिस चौकी के पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया है। महिला गांव में अपने मकान के घरेलू विवाद को लेकर पुलिस चौकी पहुंची थी। आरोप हैं कि इस दौरान समझौते का दबाव बनाते हुए अलग कमरे में महिला को बुलाकर उससे छेड़छाड़ की। महिला ने एसपी राहुल शर्मा को शिकायत की है। एसपी ने मामले की जांच डीएसपी सिटी को सौंप दी है।
महिला ने शिकायत में बताया है कि फरीदपुर में उसके माता-पिता रहते थे। वे दो बहने हैं। उनकी शादी अलवर में हुई थी। माता-पिता के देहांत होने के कारण फरीदपुर गांव में उनके मकान में ही दोनों बहनें अपने परिवार के साथ रहती हैं। पति ट्रक ड्राइवर है। महिला ने बताया कि गुरुवार को मकान को लेकर उसकी बहन और देवर से उसका विवाद हो गया। इसकी शिकायत उसने महिला हेल्पलाइन नंबर पर की। इसके बाद सेक्टर-6 चौकी पहुंची। दोनों पक्षों को चौकी बुलाया गया। महिला ने आरोप लगाया कि पुलिसकर्मी ने उसे अकेले में अंदर कमरे में बुलाया। समझौता करने की बात कहते हुए उससे छेड़खानी करने लगा। उसने धक्का देकर विरोध किया। महिला का कहना है कि चौकी इंचार्ज ने उसे झूठे आवारागर्दी के मामले में फंसाने की धमकी दी और उसे चौकी से बाहर निकाल दिया।
पुलिसकर्मी ने पहले भी झूठे मामले में फंसाया था
महिलाने आरोप लगाया है कि तीन साल पहले गांव के सरपंच के साथ मिलकर भी सदर थाना में इसी पुलिसकर्मी ने उसे झूठे मामले में फंसाया था, जिसकी वे तारीख भुगत रही हैं। एसपी राहुल शर्मा ने बताया कि महिला की शिकायत मिलने डीएसपी सिटी को सौंपी है। वहीं आरोपी पुलिसकर्मी ने आरोपों को निराधार बताया है। कहा कि महिला पहले भी झूठे आरोप लगाकर लोगों को फंसाने का काम करती रही है। उस पर मामला भी दर्ज है। चौकी में महिला आई थी। आपस में समझौता करने की बात कहते हुए वह महिला सेल में अपनी शिकायत देने की बात कहकर चली गई थी।