पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • सांसद विधायक आगे, प्रथम नागरिक सातवीं लाइन में

सांसद-विधायक आगे, प्रथम नागरिक सातवीं लाइन में

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत. माता चंद्रकांता स्मृति सेवा न्यास की ओर से सेवा भारती पानीपत के संचालन में चल रहे ज्ञानदीप सेवाधाम का वार्षिकोत्सव मनाया गया। समारोह में सांसद अश्विनी चोपड़ा और समाजसेवी धनराज बंसल मुख्य तौर पर पहुंचे, जबकि डीसी समीरपाल सरो विशिष्ट अतिथि रहे। सेवा भारती की राष्ट्रीय सह सचिव रेणु पाठक ने मुख्य वक्ता के तौर पर विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में शहर के प्रथम नागरिक मेयर भूपेंद्र सिंह भी पहुंचे। सभी नेता व कार्यक्रम के आयोजक आगे की पंक्तियाें पर बैठे थे, लेकिन मेयर सातवीं लाइन में बैठे।

मेयर भूपेंद्र ने बातचीत करने पर बताया कि उन्हें कार्यक्रम का निमंत्रण नहीं था। भाजपा नेताओं के पहुंचने के कारण वे तो सामान्य तौर पर वहां पहुंचे थे और कुछ देर बाद कार्यक्रम से वापस आ गए थे। माता चंद्रकांता स्मृति सेवा न्यास अध्यक्ष खैरातीलाल खन्ना ने कहा कि कार्यक्रम में सभी को सम्मान दिया गया। बारिश के मौसम में कार्यक्रम हुआ तो कौन कहां बैठा इस पर ध्यान कम रहा।
हर बचपन को सुनहरा कल बनाने का अधिकार : सांसद
कार्यक्रम में सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि हर बच्चे को अपने बचपन में बेहतर शिक्षा लेकर अपना उज्ज्वल भविष्य निर्माण का अधिकार है। देश में गांवों और गांवों से शहर में रोजगार के लिए पहुंचे परिवारों के बच्चों को बेहतर शिक्षा नहीं मिल पा रही है। कहीं संसाधनों की कमी तो कहीं व्यवस्था की कमी खलती है। सरकार सभी जगह संसाधन नहीं जुटा सकती। ऐसे में एनजीओ द्वारा निभाई जा रही भूमिका अहम है। एनजीओ सामाजिक कार्य करके सरकार का सहयोग करते हैं और समाज उत्थान में योगदान दे रहे हैं। सरकार और समाज के धनाढ्य लोगों को इनका साथ देना चाहिए।

उन्होंने सेवा भारती द्वारा चलाए जा रहे गरीब बच्चों को शिक्षा देने के लिए स्कूल एवं सिलाई केंद्रों की सराहना की। सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गरीबों के उत्थान के लिए गांव और शहर के उन क्षेत्रों में सुविधाएं पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं जहां लोग मेहनत-मजदूरी कर गुजारा चला रहे हैं। इन परिवारों के बच्चे शिक्षा की तरफ जाएंगे तो देश का भविष्य और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि वे खुद दो एनजीओ चलाकर समाज सेवा में अपना योगदान देते हैं। उन्होंने ज्ञानदीप सेवाधाम में 51 हजार रुपए की राशि अपने निजी कोष से देने की घोषणा की।
फोटो- सेवा भारती की ओर से संचालित ज्ञानदीप सेवाधाम में आयोजित की तस्वीर।