पानीपत. शहर में बेहतर ट्रैफिक व्यवस्था के लिए एलिवेटिड फ्लाईओवर को दो जगह से खोलने और अन्य सुधार को लेकर सांसद ने हर संभव सहयोग करने की बात कही है। रविवार को बातचीत में सांसद अश्विनी चोपड़ा ने कहा कि ट्रैफिक सुधार के लिए डीसी प्लान तैयार कर केंद्र को भेजें। उन्होंने केंद्रीय भूतल एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से उनकी मीटिंग तय करवाई है। जो भी प्लानिंग तय होगी, उस पर अमल के लिए वह पूरा सहयोग करेंगे।
सांसद ने कहा कि करनाल और पानीपत में हाईवे पर ट्रैफिक की बेहतर व्यवस्था के लिए आवश्यक सुधार पर काम किया जा रहा है। पानीपत में फ्लाईओवर बनने के बावजूद शहर में ट्रैफिक समस्या की शिकायतें मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि हो सकता है निर्माण के समय कुछ खामियां रही हों। जो बदलाव होगा, किया जाएगा।
बैठक हो जाए, सब ठीक होगा : सरोडीसी समीरपाल सरो ने बातचीत में कहा कि शहर में ट्रैफिक सुधार पर योजना बनाई जा रही है। बनाई गई कमेटी की चंडीगढ़ में मीटिंग होगी। 18 दिसंबर को केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के समक्ष प्रपोजल प्रस्तुत किया जाएगा। हरी झंडी मिलते ही सब अच्छा होगा। दिल्ली से करनाल जाते हुए शहर में हीरो
होंडा एजेंसी के सामने और करनाल से दिल्ली जाते समय खादी आश्रम से पहल ग्रिल हटाई जाएगी। पुल के दोनों ओर नीचे उतरते ही ट्रैफिक बाईं ओर की सड़क पर आ जाएगा। दिल्ली से शहर में आने वालों को टोल प्लाजा और करनाल से आने वालों को पुल पार करने के बाद नांगलखेड़ी के पास नहीं जाना होगा। पुल के नीचे सड़कों को चौड़ा किया जाएगा और कई आवश्यक सुधार किए जाएंगे।