कक्षाएं शाम के सत्र में लगाने का विरोध
पानीपत | जीटीरोड पर लालबत्ती के पास माॅडल संस्कृति स्कूल में कक्षाओं का समय बदलकर दो सत्र में कक्षाएं लगाने का अभिभावकों ने विरोध शुरू कर दिया है। स्कूल में पहली से आठवीं कक्षा तक की पढ़ाई दोपहर 12:40 से शाम छह बजे तक लगाई जा रही हैं। अभिभावक सुबह के सत्र में कक्षाएं लगाने की मांग करते हुए शुक्रवार को डीसी से मिलने पहुंचे। अभिभावकों ने बताया कि सरकार ने गरीब बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से और बेहतर शिक्षा के लिए मॉडल संस्कृति स्कूल की स्थापना की थी। उनके बच्चे अंग्रेजी माध्यम से लालबत्ती के पास मॉडल संस्कृति स्कूल में शिक्षा लेने जाते हैं। अब स्कूल में अंग्रेजी माध्यम से पहली से आठवीं कक्षा तक के बच्चों की कक्षाओं का समय दोपहर एक बजे कर दिया गया है। बच्चे मेहनत-मजदूरी करने वाले परिवारों के हैं। ऐसे में दोपहर को बच्चे स्कूल नहीं पहुंच पा रहे हैं। उन्हें अंग्रेजी माध्यम की बजाय हिंदी माध्यम की पुस्तकें पढ़ाई जा रही हैं। डीसी ने डीईओ को इस मामले में उचित कार्रवाई करने को कहा है।
पानीपत. लघुसचिवालय में डीसी से मिलने पहुंचे बच्चों के अभिभावक।