- Hindi News
- सफाई के लिए अधिकारियों ने अपनाए रेलवे स्टेशन
सफाई के लिए अधिकारियों ने अपनाए रेलवे स्टेशन
आएंगे 20 कूड़ेदान, शौचालय की समस्या हल होगी
हररेलवे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था बनी रहे इसके लिए रेलवे अधिकारियों ने जिम्मेदारी लेते हुए खुद अलग-अलग स्टेशन अपना लिए हैं। दिल्ली मंडल नॉदर्न रेलवे में 29 रेलवे स्टेशन हैं। पानीपत रेलवे स्टेशन रेलवे के चीफ कॉमर्शियल मैनेजर एमएस चालिया ने लिया है। गुरुवार को वे रेलवे स्टेशन पर सफाई निरीक्षण के लिए पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।
अधिकारी के आगमन को देखते हुए रेलवे स्टेशन पर पूरी तरह पहले ही सफाई की गई। शाम को चार बजे के करीब एमएस चालिया रेलवे स्टेशन पर पहुंचे। स्टेशन अधीक्षक इंद्रपाल खोसला एवं अन्य अधिकारियों ने उनका स्वागत किया। एमएस चालिया ने बताया कि 2 अक्टूबर से पूरे भारत में सफाई अभियान चलाया जाएगा। रेलवे भी इसमें अहम भागीदारी देगी। इसकी शुरुआत अभी से शुरू कर दी गई है। रेलवे अधिकारियों ने अपने-अपने स्टेशन बांटकर वहां सफाई की देखरेख शुरू कर दी है। इसी के तहत वे पानीपत पहुंचे हैं।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत का सपना हर भारतीय को देखना चाहिए। लोगों को सफाई व्यवस्था में पूरा सहयोग देना चाहिए। रेलवे स्टेशन पर कचरा फैलाने की बजाए उसे उचित जगह कूड़ेदान में ही डालें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि वे स्टेशन पर सफाई व्यवस्था का ध्यान रखें। 2 अक्टूबर को सभी मिलकर रेलवे परिसर में सफाई अभियान चलाएंगे। इस मौके पर स्टेशन अधीक्षक इंद्रपाल खोसला, संजीव कुमार शाह, आरबी कल्याण, धीरज कपूर, इंदू शेखर, चैन सिंह जितेंद्र सरदाना भी मौजूद रहे।
पानीपत. रेलवेस्टेशन पर बैठक लेते चीफ कॉमर्शियल मैनेजर एमएस चालिया।
पानीपत रेलवे स्टेशन पर अभी 10 कूड़ेदान ही हैं। ऐसे में स्थानीय अधिकारियों की डिमांड पर 20 और नए कूड़ेदान स्टेशन पर रखे जाएंगे। इसके अलावा कई बार बंद रहने वाले सुलभ शौचालय की भी शिकायत सामने आई। इसे दूर करने की बात कही गई। पानीपत को माॅडर्न स्टेशन के तौर पर चुना गया है। जरूरत पड़ने पर ठेका आधार पर भी सफाई करवाई जाएगी। स्टेशन पर गंदगी फैलाने वाले पर जुर्माने का भी प्रावधान है।
पानीपत. रेलवेस्टेशन पर दिन में बंद रहता है शौचालय।