- Hindi News
- नई दिल्ली में बने चौधरी चरण सिंह स्मारक : सिंधू
नई दिल्ली में बने चौधरी चरण सिंह स्मारक : सिंधू
जाटआरक्षण संघर्ष समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष रिटायर्ड कर्नल ओपी सिंधू ने पूर्व प्रधानमंत्री स्व. चरण सिंह का नई दिल्ली में 12 तुगलक रोड पर स्मारक बनाने की मांग की है। ऐसा नहीं होने पर उन्होंने चेताया कि देशभर के किसान आंदोलन को मजबूर होंगे। उन्होंने हरियाणा के विधानसभा चुनाव में उस पार्टी का सम्मान करने की बात कही जिसने जाटों को आरक्षण दिलाया। वे सोमवार को एक निजी होटल में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह किसान नेता रहे और देशभर में किसानों के हित की आवाज उन्होंने उठाई। नई दिल्ली में 12 तुगलक रोड पर उनके नाम से कोई स्मारक नहीं है। ऐसे में जाट आरक्षण संघर्ष समिति मांग करती है कि सरकार जल्द से जल्द स्मारक बनाए। सिंधू ने कहा कि आरक्षण मिलने से पहले जाटों ने कहा था कि जाटों को ओबीसी में आरक्षण दिलाने वाली पार्टी का चुनाव में साथ देंगे। मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने पहले हरियाणा में आरक्षण दिया और बाद में केंद्र में जाटों को आरक्षण दिलाने की पैरवी की। प्रदेश में तो अन्य जातियों को भी आरक्षण के दायरे में लाया। हर वर्ग के विकास के लिए काम किया। ऐसे में जाट आरक्षण संघर्ष समिति खुले तौर पर कांग्रेस पार्टी का चुनाव में समर्थन करेगी। इस मौके पर उनके साथ कमांडेंट दलीप सिंह बलहारा, जगदीश घनघस, ईश्वर सिंह खर्ब, राजकुमार सहरावत, रामजस, महेंद्र सिंह जागलान आदि मौजूद थे।