- Hindi News
- अविश्वास की राजनीति, कमिश्नर से मिले पार्षद, शाम को आया पत्र
अविश्वास की राजनीति, कमिश्नर से मिले पार्षद, शाम को आया पत्र
बीते15 दिनों से ठंडी पड़ी मेयर पद की राजनीति में एकाएक गर्मी गई है। शुक्रवार को भाजपा के 9 पार्षद कमिश्नर से मिले और पूछा अविश्वास कब ला रहे हैं। शाम होते-हाेते रोहतक मंडल के कमिश्नर का अविश्वास संबंधी पत्र कमिश्नर कार्यालय पहुंचा तो राजनीतिक ड्रामा और बढ़ गया। कयास लगाए जा रहे हैं कि जल्द ही कमिश्नर के सामने पार्षदों की परेड होगी। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव। इधर, शहर की विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी की ओर से मेयर के पक्ष में पार्षदों को लामबंद करने का प्रयास चल रहा है।
मेयर सरदार भूपेंद्र सिंह में अविश्वास जताने वाले भाजपा के 9 पार्षद दोपहर बाद सबसे पहले डीसी समीरपाल सरो से मिलने लघु सचिवालय पहुंचे। यहां से निकलकर नगर निगम के कमिश्नर शिवप्रसाद शर्मा से मिलने देवीलाल कांप्लैक्स गए। पार्षदों ने कमिश्नर से मेयर के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव लाने में हो रही देरी का कारण पूछा। कमिश्नर ने निगम एक्ट के तहत जल्द कार्रवाई करने का भरोसा दिया। शाम को रोहतक मंडल के कमिश्नर राजीव रंजन के कार्यालय से अविश्वास संबंधी पत्र भी निगम कमिश्नर के पास पहुंच गया। अविश्वास को लेकर चल रही खींचतान पर अब कमिश्नर को फैसला लेना है।
कमिश्नर शिवप्रसाद शर्मा ने बताया, \\\"अविश्वास संबंधी पत्र मिला है। पार्षद भी मिले थे। वह सब कुछ होगा, जो कानून सम्मत होगा। पहले रोहतक मंडल के कमिश्नर के पत्र का अध्ययन करेंगे।
सोमवार को परेड संभव, आसान नहीं 16 का आंकड़ा
सोमवारको शहर की राजनीति में हाई वोल्टेज ड्रामा हो सकता है। कमिश्नर मेयर की खिलाफत करने वाले पार्षदों की परेड करा सकते हैं। वहीं, दूसरी ओर सूत्रों ने बताया कि शहरी विधायक रोहिता रेवड़ी के पति सुरेंद्र रेवड़ी मेयर को बचाने में लगे हुए हैं। विरोध करने वाले कुछ पार्षदों से वह लिखित लेकर कमिश्नर को सौंपने की तैयारी कर रहे हैं। एक बात और कि भले ही भूपेंद्र सिंह भाजपा में शामिल हो गए हैं, लेकिन अभी भी कांग्रेस के समर्थित पार्षद मेयर का सपोर्ट कर रहे हैं। भाजपा में शामिल हाेने वाले एक पार्षद मेयर के अच्छे मित्रों में शामिल हैं और एक अन्य पार्षद ग्रामीण विधायक महीपाल ढांडा के नजदीकी। ऐसे में अगर वोटिंग की नौबत आई तो ये पार्षद मेयर का साथ भी दे सकते हैं। यानी कुर्सी बच सकती है।