फैक्ट्री के पानी से फसल हो रही बर्बाद
पानीपत-सनौलीरोड पर एक फैक्ट्री का केमिकल युक्त पानी गन्ने के खेतों में आने से करीब ढाई एकड़ फसल बर्बाद होने के कगार पर पहुंच गई है। इससे परेशान होकर किसानों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया और जिला उपायुक्त को शिकायत पत्र देकर फैक्ट्री मालिक के खिलाफ जांच कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। इसके अलावा उन्होंने खराब हुई फसल का मुआवजा दिलाने की भी मांग उठाई है।
किसान राजेश, राजीव, संजय, सुभाष, अनिल, देवेंद्र, अजमेर, सुनील ने बताया कि पानीपत-सनौली रोड पर उनके खेत हैं, जिनमें उन्होंने गन्ने की फसल उगा रखी हैं। उनके खेतों के पास एक फैक्ट्री है जिससे निकलने वाला केमिकल युक्त पानी उनके खेतों में छोड़ा जा रहा है, इससे उनकी फसल खराब हो रही है। किसानोंं ने कहा कि कई बार फैक्ट्री मालिक को इस पानी को रोकने के लिए कहा गया था, लेकिन उन्होंने इसे रोकने की बजाए उनके साथ अभद्र व्यवहार किया।
पर्यावरण विभाग के एसडीओ नितिन मेहता का कहना है कि फैक्ट्री के केमिकल युक्त पानी से फसल बर्बाद होने की शिकायत अभी तक किसानों ने उन्हें नहीं दी है। अगर किसान लिखित में शिकायत देते हैं तो वो जांच कर उचित कार्रवाई करेंगे।
फैक्ट्री मालिक के खिलाफ प्रदर्शन कर नारेबाजी करते किसान।