- Hindi News
- लिफ्ट लेकर की थी लूटपाट, नगदी कार लेकर फरार
लिफ्ट लेकर की थी लूटपाट, नगदी कार लेकर फरार
पानीपतके माॅडल टाउन निवासी दीपक भाटिया से चार युवकों ने लिफ्ट लेकर चाकू की नोंक पर लूटपाट की। घटना 13 सितंबर रात गांव पट्टीकल्याणा के पास नौ से दस बजे के बीच की है। लुटेरे हजारों रुपए की नगदी, एटीएम कार्ड कार छीनकर भाग गए। करीब एक सप्ताह बाद थाना पुलिस ने भाटिया की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
दीपक ने बताया कि 13 सितंबर देर शाम मैं दिल्ली से अपनी कार में पानीपत अा रहा था। जैसे ही मैं बहालगढ़ चौक पर पहुंचा तो चार युवकों ने रूकने का इशारा किया। इस पर मैंने गाड़ी रोकी तो उन्होंने करनाल जाने की बात कहकर पानीपत तक लिफ्ट देने की बात कही। युवकों के कहने पर मैंने उन्हें बैठा लिया। इसके बाद हम मुरथल स्थित एक ढाबे पर रूके। जहां सभी ने खाना खाया। साढ़े नौ बजे के करीब पट्टीकल्याणा के पास पहुंचे तो कार में बैठे युवकों ने चाकू निकालकर गाड़ी को रूकवा लिया। फिर उन्होंने मुझसे 22 हजार रुपए की नगदी, तीन एटीएम कार्ड छीने और फरार हो गए।
दीपक ने मामले की शिकायत थाना पुलिस को देकर लूटपाट करने वाले आरोपियों का पता लगा कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने बताया कि लूटपाट से करीब सवा दो लाख रुपए का नुकसान हुआ है। जांच अधिकारी सब निरीक्षक रणधीर सिंह ने बताया कि शिकायतकर्ता की शिकायत पर चार युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।