- Hindi News
- नया बाग का रहने वाला था थाने में फंदा लगाने वाला
नया बाग का रहने वाला था थाने में फंदा लगाने वाला
शहरथाना में पेड़ पर फंदा लगाकर आत्महत्या करने वाले व्यक्ति की पहचान रोहतक के नया बाग गांव के संतकुमार के तौर पर हुई है। वह ट्रक ड्राइवर था। मंगलवार को वह ट्रक लेकर दिल्ली से चंडीगढ़ की तरफ जा रहा था। फ्लाइओवर पर उसका ट्रक खराब हो गया।
देर रात उसने शहर थाना में पेड़ पर फंदा लगाकर अज्ञात कारणों के चलते जान दे दी। बुधवार को परिजनों ने शव की शिनाख्त की और ड्यूटी मजिस्ट्रेट सेलजा गुप्ता के समक्ष बयान दर्ज करवाए। ड्यूटी मजिस्ट्रेट के निर्देश मिलने के बाद पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई करेगी।
थाना शहर परिसर स्थित पेड़ पर मंगलवार देर रात 11 बजे के करीब संतकुमार का शव फंदे पर लटका मिला था। अज्ञात कारणों के चलते 38 वर्षीय संतकुमार ने फंदा लगाकर अपनी जान दी। पुलिस ने शव फंदे पर लटका देख ड्यूटी मजिस्ट्रेट सेलजा गुप्ता की मौजूदगी में पेड़ से उतारा। बुधवार को संतकुमार के भाई नया बाग गांव के हरिओम, ओमवीर और चाचा राजेंद्र चचेरा भाई जसबीर ने पानीपत पहुंचकर शव की शिनाख्त की। संतकुमार ट्रक खराब होने के बाद किस उलझन में था और उसने टोल प्लाजा से इतनी दूर आकर शहर थाना में ही फंदा क्यों लगाया, अभी यह मामला पहेली बना हुआ है।