स्कूल और टोल पर दिलाई जाएगी शपथ
पानीपत | मतदानका प्रतिशत बढ़ाने के लिए प्रशासन ने अलग तरीका इजाद किया है। अब एटीएम पर पैसे निकालने वालों से वोट के लिए शपथ दिलाई जाएगी। स्कूल में बच्चे प्रार्थना के दौरान शपथ लेंगे साथ ही शपथ की पर्ची अपने माता-पिता को भी देंगे। इसके तहत स्वीप कार्यक्रम चलाया जाएगा।
शुगर मिल के प्रबंधक निदेशक स्वीप कार्यक्रम के नोडल अधिकारी अजय चोपड़ा ने बुधवार को बैठक की। इसमें जीएम रोडवेज सुल्तान सिंह, उप जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी के साथ-साथ पानीपत और डाहर स्थित टोल प्लाजा के प्रतिनिधि भी मौजूद थे। चोपड़ा ने कहा कि सभी टोल प्लाजा पर हस्ताक्षर अभियान चलाए जाएंगे। राहगीरों से हस्ताक्षर अभियान में शामिल होने की अपील की जाएगी।
उन्होंने जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी उप जिला शिक्षा अधिकारी से स्कूलों में प्रार्थना के समय सभी बच्चों को एक कागज पर मतदान करने के लिए प्रेरित करने वाली शपथ दिलाने को कहा। इस शपथ को अभिभावकों को भी भिजवाया जाएगा। अजय चोपड़ा ने जिला के सभी अग्रणी बैंकों के प्रबंधक के माध्यम से सभी बैंकों के एटीएम केंद्रों में भी मतदान के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए शपथ लगाने को कहा जाएगा।