महिला सशक्तीकरण में पूरे समाज की भूमिका
आर्यकॉलेज में महाविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘महिला सशक्तीकरण’ में मीडिया की भूमिका विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें बतौर मुख्य वक्ता पहुंचे मुख्यमंत्री हरियाणा सरकार के आफिसर आॅन स्पेशल ड्यूटी (ओएसडी) राजकुमार भारद्वाज ने कहा कि महिला सशक्तीकरण में मीडिया की अहम भूमिका है।
उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने की जिम्मेदारी केवल मीडिया की नहीं है, अपितु पूरे समाज को इस दिशा में मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने समाज में संवेदनशील मुद्दों पर खत्म हो रही संवादहीनता पर चिंता प्रकट की। भारद्वाज ने कहा कि कन्या भ्रूणहत्या, दहेज प्रथा समेत सभी सामाजिक समस्याओं के निदान के लिए इन पर समाज में चर्चा बहुत जरूरी है। उन्होंने मीडियाकर्मियों का आह्वान किया वे उन महिलाओं को समाज के सामने लेकर आएं जो पर्दे के पीछे बेहतरीन कार्य कर रही हैं।
प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि वर्तमान समय में बेटियों ने हर क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर खुद की श्रेष्ठता साबित की है। उन्होंने कहा कि सरकार बेटियों को आगे बढ़ाने के तमाम अवसर प्रदान कर रही है, लेकिन जरूरत इस बात की है कि समाज भी इस मामले में सरकार का पूरा सहयोग करे। इस अवसर पर उप प्रिंसिपल डॉ. रानी रजनी, प्राध्यापिका मीनाक्षी चौधरी, डॉ. कंचन प्रभाती, डॉ. संतोष जनसंचार विभाग के अध्यक्ष प्रदीप जाखड़, दिनेश गाहल्याण, विवेक गुप्ता, आस्था गुप्ता श्वेता बठला, प्राध्यापिका सुषमा शर्मा मौजूद रही।
पानीपत. आर्यकाॅलेज में आयोजित कार्यक्रम में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ का पोस्टर दिखाते प्रिंसिपल डाॅ. जगदीश गुप्ता और अन्य।