- Hindi News
- छात्राआें पर कमेंट्स कसे, फिर कार से टक्कर मारी, राजाखेड़ी के छात्र को लोगों ने पकड़ा
छात्राआें पर कमेंट्स कसे, फिर कार से टक्कर मारी, राजाखेड़ी के छात्र को लोगों ने पकड़ा
पुलिस ने बनाया सड़क दुर्घटना का मामला
पांचछात्राओं ने कार सवार चार छात्रों पर कमेंट्स कसने का आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, छात्रों ने बैक गियर लगाकर गाड़ी दौड़ाई और एक छात्रा को टक्कर मार दी। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
तीन बहनों और उनकी दो सहेलियों ने बताया कि वे सुबह किले के नजदीक एसडी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पैदल जा रहीं थीं। कार सवार चार छात्रों ने उन पर कमेंट कसे और गाड़ी दौड़ा दी। लोगों ने राजाखेड़ी के आरोपी छात्र को पकड़ लिया, बाकी तीन भाग गए।
पानीपत. महराजाअग्रसेन अस्पताल में भर्ती छात्रा की देखभाल करते परिजन। संबंधितखबर पेज-2 पर भी
पानीपत | देवीमंदिर में कुक का काम करने वाले पिता की तीन बेटियां हैं, जो किला के पास एसडी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ती हैं। परिवार देवी मंदिर में रहता है। बुधवार को सुबह 12वीं, 11वीं तथा 9वीं कक्षा में पढ़ने वाली तीनों बहनें और माईजी कॉलोनी में रहने वाली दो अन्य सहेलियां एक साथ पैदल स्कूल जा रही थीं।
एसडी कन्या स्कूल के सामने ही एसडी माॅडर्न सीनियर सेकेंडरी स्कूल भी है। आरोप है कि इसी स्कूल के चार छात्र कार में सवार होकर स्कूल जा रही छात्राओं के पास से निकले और उन पर कमेंट कसा। उनमें से एक छात्रा ने बताया कि उन्होंने उन्हें अनदेखा कर दिया। इसके बाद लड़कों ने उनसे आगे कार निकाली और फिर स्टंट दिखाते हुए बैक गियर लगाकर गाड़ी तेज गति से पीछे लेकर आए। गाड़ी की टक्कर एक छात्रा को लगी और वह सड़क पर जा गिरी। सिर और हाथ-पैरों पर चोटें लगीं। आसपास के लोगों ने तुरंत छात्रा को पास के ही महाराजा अग्रसेन अस्पताल में दाखिल करवाया। छात्रों की पहचान स्कूल ड्रेस से हुई। लोगों ने गाड़ी चलाने वाले छात्र काे पकड़ लिया और अन्य तीन फरार हो गए। पकड़े गए राजाखेड़ी के आरोपी छात्र को पहले स्कूल ले जाया गया, बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
छात्रा और उसकी बहन ने बताया कि आरोपी छात्र और उसके तीन साथी एसडी माॅडर्न स्कूल में ही पढ़ते हैं। पकड़ा गया आरोपी 12वीं कक्षा का छात्र है। मामले को लेकर वे स्कूल में पहुंचे तो प्रिंसिपल ने उन्हें बताया कि पकड़ा गया छात्र तो स्कूल में आता है, लेकिन राजाखेड़ी से ही दो-तीन छात्र ऐसे हैं, जो स्कूल से गैरहाजिर रहते हैं। स्कूल की तरफ से उन्हें सस्पेंड किया हुआ है। अभी स्पष्ट नहीं हुआ है कि कार में आरोपी के साथ बैठे छात्र वही थे या कोई और। यह जांच में सामने आएगा। बस स्टैंड चौकी इंचार्ज जयबीर ने बताया कि पुलिस ने ऑल्टो गाड़ी को कब्जे लेकर अज्ञात चालक के खिलाफ लापरवाही से गाड़ी चलाने का मामला दर्ज किया है। छात्र से मामले की छानबीन की जा रही है। बताया गया है कि रेस और ब्रेक के बीच पैर फंसने से घटना हुई। जांच में जो सामने आएगा उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
{सुबह पैदल ही जा रहीं थीं एसडी कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की पांच छात्राएं
{तीन आरोपी कार छोड़कर भागे, दोनों स्कूलों के पास पुलिस सुरक्षा बढ़ाने की मांग