- Hindi News
- हुड्डा की नसीहत, वादे पूरे किए तो प्रदेश में भी दिल्ली जैसा होगा हाल
हुड्डा की नसीहत, वादे पूरे किए तो प्रदेश में भी दिल्ली जैसा होगा हाल
पानीपत | दिल्लीचुनाव में खाता भी नहीं खोलने वाली कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने भाजपा को नसीहत दी है कि जो वादे उसने हरियाणा की जनता के साथ किए हैं वह पूरे करे, नहीं तो हरियाणा में भी भाजपा का दिल्ली जैसा हाल होगा। उन्होंने कहा कि 9 महीने में ही भाजपा खिसक गई, आगे देखना क्या होता है। उन्होंने जीत के लिए आम आदमी पार्टी के मुखिया अरविंद केजरीवाल को बधाई दी साथ ही कहा कि केजरीवाल ने भी जो वादे दिल्ली की जनता के साथ किए हैं, उसे पूरा करें। मंगलवार को हुड्डा उद्योगपति बिंदर जागलान के घर शादी समारोह में भाग लेने सेक्टर 12 पहुंचे थे। हिसार के नलवा से कांग्रेस विधायक पूर्व मंत्री संपत सिंह ने केजरीवाल को जीत की बधाई दी। कहा - केजरीवाल हिसार से आते हैं तो जीत की बधाई तो बनती है। मौके पर वरिष्ठ कांग्रेस नेता कर्ण सिंह कादियान, डॉ. जसबीर जागलान, तेजबीर जागलान, पूर्व मंत्री बिजेंद्र उर्फ बिल्लू कादियान, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा के भाई प्रदीप शर्मा और शहर से कांग्रेस के प्रत्याशी रहे बुल्ले शाह मुख्य रूप से उपस्थित रहे।