- Hindi News
- बिना टिकट पकड़े गए युवक ने साथियों संग रोडवेज टीम को पीटा
बिना टिकट पकड़े गए युवक ने साथियों संग रोडवेज टीम को पीटा
हरियाणारोडवेज की फ्लाइंग टीम (टिकट चेकिंग) को विभाग की बस में टिकट चेकिंग करना उस वक्त महंगा पड़ गया, जब नारायणा वासी एक युवक ने पकड़े जाने पर गांव के ही कुछ साथियों को बुलाकर उनकी धुनाई कर दी।
मामला बुधवार शाम छह बजे का है। विभाग की टीम नारायणा जाने वाली बसों की चेकिंग के लिए गांव के पास खड़ी थी। घटना के बाद गांव के लोगों की मौके पर भीड़ जमा हो गई। वहीं, विभागीय टीम ने भी मामले को भांपकर वहां से निकलना उचित समझा और शिकायत थाना पुलिस को देकर मारपीट करने वाले युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
ऐसेहुई घटना
नारायणामें पानीपत से डाहर डिडवाड़ी होकर, पानीपत से वाया खलीला, ग्वालड़ा पानीपत से समालखा होकर रोडवेज की बसें जाती हैं।
उक्त बसों की चेकिंग के लिए विभाग की बस में सवार एक फ्लाइंग टीम बुधवार शाम को नारायणा के पास जा पहुंची। उसमें सतपाल शर्मा, राजबीर, चुड़िया रावल सब निरीक्षक, लाभ सिंह कंडक्टर बलविंद्र बस चालक शामिल थे।
दोषी को बख्शा नहीं जाएगा
थानाप्रभारी अमित कुमार का कहना है कि मामले की शिकायत उनको मिली है। फिलहाल मामले की जांच की जा रही है। जो जांच में सामने आएगा, उसी आधार पर कार्रवाई की जाएगी। अगर कोई दोषी होगा तो उसे बख्शा नहीं जाएगा।
सब निरीक्षक सतपाल शर्मा ने बताया कि पौने छह बजे ग्वालड़ा जाने वाली बस पहुंची। उन्होंने बस में चेकिंग की तो पांच से छह युवक बिना टिकट मिले। जिन्होंने पास होने की बात कही। उन्होंने पास चेक किए तो एक युवक का नकली दिखा। जिस पर उन्होंने उसके पास को लेकर युवक को भी बस से नीचे उतार लिया। इसी दौरान गांव के ही स्टेडियम से खेलकर रहे साथियों को युवक ने बुुला लिया। इसके बाद पकड़े गए युवक ने दुर्व्यवहार शुरू कर दिया और फिर साथियों संग मिलकर उन सभी को घेरकर उनके साथ मारपीट की। इस दौरान वहां भीड़ एकत्र हो गई। जिस पर विभागीय टीम वहां से निकल आई और समालखा थाने में शिकायत दी।