- Hindi News
- बिजली वितरण प्रसारण अधिकारियों ने केबलों में फाॅल्ट की बात स्वीकारी
बिजली वितरण प्रसारण अधिकारियों ने केबलों में फाॅल्ट की बात स्वीकारी
पानीपत | गोहानारोड स्थित 132 केवी पावर हाउस में 1.50 करोड़ रुपए का 16 एमवीए टी-6 ट्रांसफार्मर जलने का मामला उजागर होने के बाद बिजली अधिकारियों को अपनी-अपनी जिम्मेदारी याद गई। बिजली वितरण प्रसारण अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों की केबलों में फाॅल्ट आने की बात स्वीकार कर रहे हैं। हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम अधिकारियों ने अपनी-अपनी रिपोर्ट तैयार कर उच्चाधिकारियों को भेज दी है।
गोहाना रोड पावर हाउस में 12 सितंबर को टी-6 ट्रांसफार्मर जलने से इससे जुड़े 9 फीडरों में 4 दिन तक बिजली की आपूर्ति प्रभावित हो गई थी। इससे संबंधित फीडरों से जुड़े क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। बिजली अधिकारियों ने 15 सितंबर को मोबाइल ट्रांसफार्मर मंगवाकर लोगों की समस्या का तो कुछ हद तक समाधान कर दिया, लेकिन ट्रांसफार्मर जलने के कारणों की जिम्मेदारी लेने को कोई अधिकारी तैयार नहीं था। प्रसारण वितरण निगम अधिकारी एक दूसरे पर लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहे थे। दैनिक भास्कर द्वारा मामला प्रमुखता से उठाने के बाद अधिकारी अपनी-अपनी जिम्मेदारी मानने को तैयार हुए।
ट्रांसफार्मर जलने के कारणों की रिपोर्ट उच्चाधिकारियों के पास भेजी है। ट्रांसफार्मरों के देखभाल की जिम्मेदारी हम सब की बनती है। -आरपीशर्मा, एक्सईएन,ट्रांसमिशन सिस्टम, हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम
जांच में ट्रांसफार्मर टी-6 जलने का कारण केबलों में फाल्ट आना पाया गया है। ये फाल्ट वितरण निगम प्रसारण निगम के क्षेत्र में आए हैं। -एमएसदहिया, एसई,बिजली निगम, पानीपत सर्कल