प्लॉट घोटाले की जांच रिपोर्ट की तलब
समालखा | पानीपतके हुडा प्लॉट घोटाले की लोकायुक्त हरियाणा ने प्रदेश के मुख्य सचिव से डेढ़ महीने में जांच रिपोर्ट तलब की है। जांच सही ढंग से हो, इसके लिए लोकायुक्त ने आरटीआई कार्यकर्ता पीपी कपूर को साथ रखने के आदेश भी मुख्य सचिव को दिए हैं। कपूर ने 26 जून को लोकायुक्त हरियाणा को लिखित शिकायत देने के साथ आरटीआई एक्ट के तहत एकत्र सबूत शपथ पत्र देकर श्रमिक प्लाॅट घोटाले की जांच विशेष दल से कराने की मांग की थी। कपूर ने बताया कि पानीपत में मित्तल मेगा माल के पीछे हुडा सेक्टर 25 पार्ट टू में वर्ष 2002 में औद्योगिक श्रमिकों के लिए 897 प्लॉट अलाॅट किए गए थे। नियमों शर्तों के अनुसार इन प्लाॅटों को सिर्फ औद्योगिक मजदूर ही ले सकते थे। फर्जी शपथ पत्रों, दस्तावेजो से अधिकांश प्लाॅट फैक्ट्री मालिकों ने अपने परिवार के सदस्यों को मजदूर बताकर ले लिए। जबकि असली हकदार मजदूर इन प्लाॅटों से वंचित रह गए। उन्होंने बताया कि 2008 में आरटीआई के जरिए इस घोटाले का पता चला था।