पोलियो आशंकित सत्यम रोहतक पीजीआई रेफर
बाबरपुरसे मिले पोलियो आशंकित सत्यम को जिला अस्पताल ने रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया है। बच्चे की जांच कर रहे डाॅक्टर अंकुर ने बताया कि मल त्याग नहीं करने के कारण अभी सत्यम की पोलियो के लक्षणों की जांच अभी नहीं हो पाई है। रविवार सुबह सत्यम को रोहतक रेफर कर दिया। वहीं, सत्यम के पिता ने रोहतक से फोन पर बताया कि सत्यम को यहां पर दाखिल कर लिया है। अभी तक यहां पर जांच नहीं हो पाई है। बता दें कि मूलरूप से गोरखपुर के रहने वाले धर्मदेव के एक वर्षीय बेटे सत्यम का एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था। सत्यम को ग्लूकोज चढ़ाने सुई लगाने के बाद गुरुवार को छुट्टी मिली थी। शनिवार दोपहर को सत्यम की मां राधिका ने उसे उठाया तो, सत्यम का बांया हाथ-पैर काम नहीं कर रहा था।
परिजनों ने तुरंत उसे अस्पताल में दाखिल करवाया। डाॅ. नवीन सुनेजा ने इसे एएफपी (एक्यूट फ्लेसिड पैरालिसिस) बताया। सैंपल लेकर जांच के आदेश दिए थे। डाॅ. सुनेजा ने बताया कि डा. अंकुर ने रविवार सुबह सत्यम को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया है।