बोलने से पहले भावों को समझें : गुप्ता
पानीपत. आर्यपीजी कॉलेज में आयोजित सेमिनार में मौजूद विद्यार्थी।
श्याम गुप्ता
पानीपत | आर्यस्नातकोत्तर महाविद्यालय में शनिवार को हिंदी दिवस की पूर्व संध्या के मौके पर महाविद्यालय के जनसंचार एवं पत्रकारिता विभाग के तत्वावधान में रेडियो में उच्चारण एवं प्रस्तुतिकरण विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में ऑल इंडिया रेडियो के कुरुक्षेत्र केंद्र में कार्यरत श्याम गुप्ता ने कहा कि रेडियो एक ऐसा माध्यम है जिसमें शब्दों का उच्चारण एवं प्रस्तुतिकरण काफी मायने रखता है। उन्होंने विद्यार्थियों काे आह्वान किया कि वे शब्दों को बोलने से पहले उनके भावों को समझें। एक अच्छा वक्ता बनने के लिए केवल शब्दों को आत्मसात करना जरूरी है बल्कि इनके सही प्रस्तुतिकरण के लिए उच्च स्तर का उच्चारण भी उतना ही मायने रखता है।
कॉलेज प्राचार्य डॉ. जगदीश गुप्ता ने कहा कि मीडिया के विद्यार्थियों के लिए विषय का व्यावहारिक ज्ञान काफी मायने रखता है। इसी उद्देश्य से महाविद्यालय के जनसंचार विभाग ने उच्चारण एवं प्रस्तुतिकरण विषय पर प्रयोगशाला का आयोजन किया है।
इस अवसर पर संस्कृत विभाग के अध्यक्ष डॉ. रामनिवास, प्रोफेसर सतवीर सिंह, पंकज चौधरी, दिनेश गाहल्याण, प्रदीप जाखड़, प्राध्यापिका सुषमा शर्मा मौजूद रहे।