- Hindi News
- केयू ने फिर छापा बीएससी का गलत प्रश्न पत्र
केयू ने फिर छापा बीएससी का गलत प्रश्न-पत्र
अन्य सवाल भी गलत निकले
बीएससीपार्ट-2 के पेपर में कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की ओर से फिर गलती की गई। एक ही प्रश्न पत्र में पांच सवाल गलत थे। गलत प्रश्न पत्र ने परीक्षार्थियों का माथा चकरा दिया। सवाल के मुताबिक ही इक्वेशन सॉल्व कर परीक्षार्थी निकल गए। घर जाकर किताब में देखा तो सवालों के गलत होने का पता चला। इससे पहले 1 दिसंबर को हुई परीक्षा में भी प्रश्न पत्र गलत थे।
सोमवार को कॉलेजों में बीएससी पार्ट-2 के सेमेस्टर थर्ड के लिए गणित की परीक्षा थी। इसमें प्रश्न संख्या 2 के बी में पार्शियल डिफरेंशियल इक्वेशन के पेपर में पूछे गए सवाल में गुना की जगह बराबर का चिह्न था। परीक्षार्थियों ने जब सवाल बनाने शुरू किए तो किसी का भी जवाब सही नहीं रहा था। बच्चों से जहां तक बन सका, बनाकर छोड़ दिया। एसडी कॉलेज में पढ़ने वाली सतकरतार कॉलोनी की एक छात्रा ने बताया कि एक रूम में मैडम ने सवाल गलत होने की जानकारी दे दी थी। इसलिए सिर्फ उसी रूम के बच्चों ने ही सवाल के सही जवाब बनाए होंगे। इसके अलावा जितने भी छात्र ने सवाल अटेंप्ट किए, वह नतीजे तक नहीं पहुंच सके। घर जाने पर किताब में सवाल ढूंढने पर गलती का पता चला। इस बारे में एसडी कॉलेज के गणित लेक्चरर सोमवीर सिंह ने कहा कि प्रश्न पत्र के पांच सवाल गलत थे। बच्चों ने प्रश्न के मुताबिक हल किए। विश्वविद्यालय प्रशासन इस पर कोई एक्शन लेगा या नहीं यह कहना मुश्किल है।
प्रश्न संख्या 3 के एक पार्ट में भी गलती थी। इक्वेशन में जी की जगह क्यू होना चाहिए था, लेकिन बच्चे जी में ही उलझे रहे। इसी तरह प्रश्न संख्या 4बी, 5ए और 8बी के सवाल भी गलत निकले। पांच सवालों में से किसी का पार्ट तो किसी का बी पार्ट गलत था। इससे पहले 1 दिसंबर को एडवांस कैलकुलस की परीक्षा में भी विश्वविद्यालय की गलती सामने आई थी। एक सवाल में (2-x)/a छपा था, जबकि सही सवाल 2-x/a था।