पानीपत. अमन भवन चौक निवासी 70 वर्षीय परमेश्वरी को अपनी बुढ़ापा पेंशन के 1000 रुपए पाने के लिए 200 रुपए खर्च करने पड़ गए। परमेश्वरी व उसके पति दिनभर रिक्शा करके कभी वार्ड-11 तो कभी वार्ड-12 के चक्कर काटने पड़े। उन्होंने बताया कि इस तरह से दोनों को रिक्शा चालकों को 200 रुपए किराया देना पड़ गया।
पेंशन वितरण करने वाले कर्मचारियों ने बताया कि कई बुजुर्गों को उनके वार्ड का सही पता नहीं होता। इसी कारण उन्हें कुछ परेशानी हो रही है। मंगलवार को शहर में 7 जगहों पर पेंशन वितरित की गई। इनमें कई सेंटरों पर पेंशनधारकों की भीड़ सुबह ही जुटना शुरू हो गई। अमर भवन चौक स्थित रविदास धर्मशाला में पेंशन लेने पहुंची परमेश्वरी देवी पेंशन नहीं मिलने से परेशान हो गईं तो वहीं पेंशन पाकर बंती देवी की खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा। बंती देवी की खुशी देकर लगा मानों उसे 1000 रुपए नहीं, बल्कि लाखों रुपए मिल गए हों।
पेंशन वितरित करने पहुंचे नगर निगम के कर्मचारी धर्मबीर सारसर ने बताया कि दोपहर 1 बजे पेंशन वितरण का काम शुरू किया गया था। शाम 5 बजे तक 500 पेंशन धारकों को पेंशन दे दी गई। दिनभर में कई पेंशन धारक ऐसे भी पहुंचे, जिन्हें अपने वार्ड का भी सही पता नहीं था। ऐसे लोगों को बड़े अच्छे ढंग से समझाया गया। शहर में सिकंदर पार्क तहसील कैंप, रविदास धर्मशाला, अमर भवन चौक, राधा कृष्ण मंदिर 8 मरला, शिवालय मंदिर गुरुनानकपुरा, बाबा लालजी मंदिर इंसार चौक, शिव मंदिर व विजय नगर में पेंशन वितरित की गई।
आज इन जगहों पर मिलेगी पेंशन
दोपहर 12.30 बजे से 5 बजे तक कबीर पंथी धर्मशाला विजय नगर तहसील कैंप, जीवन ज्योति स्कूल कुटानी रोड, हाफिजाबाद क्लब राजीव काॅलोनी, धूप सिंह नगर आटा पब्लिक स्कूल, सरकारी स्कूल किशनपुरा, सौंदापुर की चौपाल, शिवाजी स्टेडियम माॅडल टाउन, वीवर्ज काॅलोनी, 3 से 5 बजे तक लक्ष्मी नारायण मंदिर हरिबाग काॅलोनी में पेंशन बांटी जाएगी।
पानीपत. रविदास भवन में पेंशन लेने के लिए बैठी परमेश्वरी, जिन्हें परेशानी हुई।