- Hindi News
- यूनियन बैंक से चेक चोरी कर निकाले 68 हजार, 21 लाख बचे
यूनियन बैंक से चेक चोरी कर निकाले 68 हजार, 21 लाख बचे
पानीपत | यूनियनबैंक ऑफ इंडिया की जीटी रोड स्थित शाखा से आढ़ती टेक्सटाइल व्यापारी के दो चेक चोरी हो गए। चोर ने चेक से 68 हजार रुपए निकाल लिए, लेकिन दूसरे चेक की रकम ज्यादा हाेने से बैंक मैनेजर ने मामला भांप लिया और चेक कैश पर रोक लगा दी।
गंगा हैंडलूम के मालिक अंकुश चांदना ने 1 दिसंबर को 1.82 लाख रुपए का चेक केबी इंटरप्राइज प्राइवेट लिमिटेड के नाम दिया था। चार दिन बाद कंपनी की ओर से आए कर्मचारी ने अकाउंट में पैसे पहुंचने की बात कही और दूसरा चेक देने को कहा। इस पर अंकुश ने बताया कि उनके अकाउंट से 68 हजार रुपए निकल चुके है। मामले की जांच की तो पता चला कि 1 दिसंबर को यूनियन बैंक से चेक चोरी हो गया था, जो गुरमीत सिंह के नाम पर समराला, पटियाला की एसबीआई ब्रांच से कैश हुआ है।
वहीं, अनाजमंडी में आढ़ती की दुकान चलाने वाले सुमेर ने 29 नवंबर को 73 हजार रुपए का चेक दिया था। चेक यूनियन बैंक में जमा कराया था। चोर ने चेक पर लिखी रकम मिटा कर 21.50 लाख कर अम्बाला के पीएनबी में कैश के लिए जमा करवाया था। बैंक मैनेजर को शक हुआ। उन्होंने मालिक से संपर्क किया तो मामले का खुलासा हुआ।