पानीपत। बाजारों में अतिक्रमण न हो और सड़कों पर आवागमन सुचारू हो, इसके लिए खुद दुकानदार सामने आने लगे हैं। इंसार बाजार एसोसिएशन के सदस्यों ने बाजार में दुकानदारों की सीमा तय कर दी। बुधवार रात को बाजार में दुकानों के आगे पीली पट्टी लगाई गई। तय किया गया कि पीली पट्टी से आगे कोई दुकानदार सामान नहीं रखेगा।
रात दस बजे अभियान चला। इंसार बाजार एसोसिएशन के प्रधान गौरव लीखा के नेतृत्व में अन्य पदाधिकारियों ने पीली पट्टी लगवाई। लालबत्ती से लेकर सुखदेव नगर की तरफ जाने वाली छोटी गली की तरफ मीनाक्षी सलेक्शन तक पीली पट्टी लगाई गई। यहां बाजार में 120 के करीब दुकानें हैं। यहां सड़क रात को सड़क 10 फीट से अधिक चौड़ी हो जाती है, दिन में दोनों तरफ दुकानदारों द्वारा दो से तीन फीट तक अतिक्रमण हो जाता है। बुधवार रात के समय बाजार के सचिव जितेंद्र आहूजा, सुशील पुनानी, नवजोत छतवाल, आशु वर्मा, राजू मेहंदीरत्ता, जगदीश मेहता, अमित सर्राफ मौजूद रहे। दुकानदारों ने फैसला किया कि बाजार में लटक रहे बिजली के तारों को बदलवाने के लिए गुरुवार को निगम के अधिकारियों से मिला जाएगा।
12 साल बाद फिर प्रयास
वर्ष 2002 में भी बाजारों में अतिक्रमण रोकने के लिए सड़क पर पीली पट्टी लगाई गई थी। जब तक पीली पट्टी चमकती रही तब तक तो अतिक्रमण पर रोक लगी रही। पट्टी मिटते ही स्थिति फिर वही हो गई। डीसी ने कुछ दिन पहले बैठक बुलाकर अतिक्रमण न करने की नसीहत देते हुए पीली पट्टी लगाने की बात कही थी। दुकानदारों ने पुरानी पट्टी का ही अंदाजा लेकर नई पीली पट्टी बनाई है। गौरव लीखा ने कहा कि इंसार बाजार में की गई इस पहल को अन्य बाजारों के दुकानदारों को भी अपनाना होगा।