पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • गांवस्तर पर संगठन मजबूत करेंगे रामदेव

गांवस्तर पर संगठन मजबूत करेंगे रामदेव

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत। भारत स्वाभिमान संगठन और पतंजलि योग समिति के माध्यम से बाबा रामदेव प्रदेश में अपने संगठन को मजबूत बनाएंगे। जिला के साथ तहसील स्तर पर स्थायी कार्यालय होंगे। प्रखंड और ग्रामस्तर पर कमेटियां बनाई जाएंगी। हर माह के कामकाज का ब्योरा रखा जाएगा और हर माह समीक्षा बैठक होंगी।

योग को बढ़ावा देते हुए अधिक से अधिक लोगों को साथ जोड़ा जाएगा। इसकी तैयारियों शुरू कर दी गई हैं और जिलास्तर पर समीक्षा बैठकों का दौर चल रहा है। बुधवार को संगठन के राज्य प्रभारी संजय धीमान के नेतृत्व में पानीपत जिला पदाधिकारियों की बैठक आर्य बाल भारती स्कूल में हुई।

राज्य प्रभारी संजय धीमान ने बताया कि पतंजलि योग समिति द्वारा देशभर में आचार्य कुलम खोले जाएंगे। हर जिलास्तर पर आचार्य कुलम स्कूल बनाकर बच्चों को बेहतर शिक्षा के साथ-साथ योग और देश की संस्कृति का ज्ञान दिया जाएगा। इसको लेकर अभी से तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि योग गुरु बाबा रामदेव ने भाजपा सरकार लाने में अपनी अहम भूमिका निभाई है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश में पतंजलि योग समिति और भारत स्वाभिमान संगठन को और मजबूत बनाया जाएगा। तहसील, प्रखंड और ग्रामस्तर पर कमेटियां गठित कर लोगों को संगठन से जोड़कर योग को बढ़ावा दिया जाएगा। संगठन का रोहतक में प्रदेशस्तरीय कार्यालय है। जिलास्तर पर भी कार्यालय बनाए गए हैं। अब तहसीलस्तर पर भी स्थायी कार्यालय बनाए जाएंगे। कार्यालयों में आवश्यक संसाधन जुटाते हुए कार्यालय प्रभारी भी बनाए जाएंगे।
चुने जाएंगे योग शिक्षक
जिला व तहसीलस्तर पर कार्यालय बनाकर लगातार योग व संगठन से जुड़ी गतिविधियां चलाई जाएंगी। योग शिविर, योग कक्षाओं के अलावा अन्य गतिविधियों का ब्योरा रखा जाएगा। हर माह समीक्षा बैठक होगा। योग को बढ़ावा देने के लिए प्रदेशभर से योग शिक्षकों का चयन भी किया जाएगा। निरंतर योग कक्षाएं लगाने के लिए उनकी सेवाएं ली जाएंगी। 21 जून, 2015 को विश्व योग दिवस के तौर पर मनाया जाएगा। इस उपलक्ष्य में 10 तरह के शिविर लगाए जाएंगे। बच्चों के लिए बाल संस्कार शिविर, युवा शिविर, महिला योग शिविर, तनाव मुक्ति एवं व्यक्तित्व विकास शिविर, मेडिटेशन, अष्टांग योग, मोटापा, कमर व जोड़ों का दर्द सहित कई अन्य बीमारियों से बचाव के लिए भी शिविर लगाए जाएंगे। बैठक में राज्य कोषाध्यक्ष देवकी नंदन भाटिया, योग समिति जिलाध्यक्ष जसमेर सिंह, जिला योग प्रभारी रणधीर जागलान, कार्यालय प्रभारी आरडी गुप्ता, श्याम गुलाटी, शीशपाल व सुभाष भाटिया मौजूद रहे।
(फोटो- आर्य बाल भारती स्कूल में भारत स्वभिमान ट्रस्ट की बैठक के दौरान योग करते सदस्य)