जींद। विजिलेंस टीम ने शुक्रवार को प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड कार्यालय में क्लर्क संजीव को 25 हजार रुपए की रिश्वत राशि समेत रंगे हाथों पकड़ लिया है। बता दें एक दिन पहले गुरुवार को नरवाना में एचएसडीआईसी का सीनियर मैनेजर अशोक भल्ला 60 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए विजिलेंस टीम ने पकड़ा था।
हिसार जिले के मय्यड़ गांव निवासी बिजेंद्र ने विजिलेंस को शिकायत में बताया कि उसका भिवानी के बड़सी गांव में ईंट भट्ठा है। अगस्त में पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड ने भट्ठे को सील कर दिया था। बाद में जुर्मानाभर दिया था। 25 नवंबर को भट्ठे को दोबारा शुरू करने के आर्डर हुए। ऑर्डर कॉपी लेने को लेकर संपर्क क्लर्क संजीव से हुआ। उसने ऑर्डर कापी समेत अन्य सभी कागजात देने की एवज में 25 हजार रुपए की रिश्वत मांगी।
फूड सप्लाई इंस्पेक्टर 10 हजार रिश्वत लेते पकड़ा
विजिलेंस ने शुक्रवार को हिसार में कार्यरत फूड सप्लाई विभाग के इंस्पेक्टर को रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपी को शनिवार को कोर्ट में पेश करेगी। विजिलेंस इंस्पेक्टर भूपेंद्र शर्मा ने बताया कि भिवानी रोहिला निवासी आजाद सिंह को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया है। आजाद सिंह खाद्य आपूर्ति विभाग में फूड सप्लाई इंस्पेक्टर के पद पर कार्यरत है।
उन्हें गांव चारनौंद के डिपो होल्डर रमेश कुमार से रेलवे रोड स्थित विभाग के ऑफिस में 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। आरोपी आजाद सिंह ने डिपो संचालक रमेश कुमार से गेहूं का मांगपत्र पास करने के एवज में 12500 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। मामला 10 हजार में सेटल हो गया था।