पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • BJP Kisan Morcha Picket, Demanding The Implementation Of Swaminathan Commission Report

भाजपा किसान मोर्चा का धरना, स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट लागू करने की मांग

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पानीपत. किसानों को उनका अधिकार दिलाने और स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने के लिए गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा ने लघु सचिवालय के सामने धरना प्रदर्शन किया। धरने के साथ ही भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी की अगर तीन फरवरी तक रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया तो, सात फरवरी से प्रदेश में ट्रेन रोको आंदोलन चलाया जाएगा।
धरना को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेशाध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने कहा कि कांग्रेस सरकार की गलत नीतियों का खामियाजा देश के किसानों को भुगतना पड़ रहा है। प्रदेश में भूपेंद्र सिंह हुड्डा जब से मुख्यमंत्री बने हैं, तभी से वे प्रापर्टी डीलर की भूमिका निभाते हुए किसानों को लूटने और बिल्डरों को मजबूत बनाने का काम कर रहे हैं। शर्मा ने कहा कि भारत किसानों का देश है, लेकिन किसान सरकार की प्राथमिकता पर नहीं हैं। किसानों की आर्थिक हालात लगातार बदहाल हो रहे हैं, लागत बढ़ रही है, लेकिन उसकी तुलना में समर्थन मूल्य व बाजार मूल्य नहीं बढ़ रहे हैं।
इससे किसानों की आमदनी घटकर घाटे में बदल रही है और किसान आत्महत्या करने पर मजबूर हो रहे हैं। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष महीपाल ढांडा ने कहा कि सरकार को स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने के लिए 3 फरवरी तक का समय दिया जा रहा है। अगर इस दौरान रिपोर्ट को लागू नहीं किया गया तो 7 फरवरी को प्रदेश में रेल रोको अभियान छेड़ा जाएगा। जिसमें हजारों की तादाद में भाजपा कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतरकर रेल यातायात को बाधित कर देंगे और सरकार को स्वामीनाथन रिपोर्ट को लागू करने के लिए मजबूर करेंगे। इस मौके पर उनके साथ संजय भाटिया, गजेंद्र सलूजा, राममेहर मलिक, धर्मपाल जागलान, नीति सैन भाटिया, अजमेर मलिक, गोविंद पहलवान, महक दीवान, मोना शर्मा, शीला सैनी, सविता तनेजा, सुरेंद्र टुटेजा, कुलदीप कौशिक, रविंद्र भाटिया, सुनील सोनी, कृष्ण गुर्जर, सुलतान कुराना, बलवान देसवाल आदि रहे।
किसानों को ये अधिकार देने की मांग
भाजपा किसान मोर्चा ने धरने में किसानों के लिए सरकार से करीब एक दर्जन मांग की। इसमें किसानों को लाभकारी मूल्य का अधिकार, खरीदी और बोनस का अधिकार, जोखिम में सुरक्षा का अधिकार, सस्ती पूंजी उपलब्धता का अधिकार, किसान मित्रवत आर्थिक संस्थाओं व बैंकिंग का अधिकार, अधिकतम देनदारी की सीमा का अधिकार, भूमि का मालिकाना अधिकार, हर खेत को सिंचाई का अधिकार, बीज का अधिकार, उर्वरक व कीट, खरपतवार नाशक की उपलब्धता व मलकियत का अधिकार, सिंचाई के लिए बिजली की उपलब्धता का अधिकार, कृषि उपकरणों की मलकियत का अधिकार, वृद्धावस्था पेंशन का अधिकार और दुर्घटना एवं बीमारी में इलाज का अधिकार देने की मांग की।
सरकार मेयर की कुर्सी बचाने में जुटी : रामबिलास
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामबिलास शर्मा ने स्काई लार्क सामने मीडिया से बातचीत में कहा कि मेयर भूपेंद्र सिंह के खिलाफ 18 पार्षद हैं। मेयर को कुर्सी पर बने रहने का अधिकारी नहीं है। शपथ पत्र देने के बावजूद सरकार मेयर मामले में चुप है और उनकी कुर्सी बचाने का प्रयास में लगी है। रोहतक मंडल के आयुक्त भी स्थिति स्पष्ट नहीं कर रहे हैं। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने स्काई लार्क में भाजपा के वरिष्ठ नेताओं बैठक ली और सख्त लहजे में उन्हें कहा कि वे मेयर के मामले में कोताही न बरतें। इसे मुद्दे को जन-जन तक पहुंचाएं। साथ ही इस मुद्दे को विधानसभा में भी उठाया जाएगा। इस मौके पर भाजपा के जिला अध्यक्ष गजेंद्र सलूजा, प्रमोद विज, संजय भाटिया, सोनिया गाबा, सुरेंद्र रेवड़ी और कुलदीप कौशिक सहित कई नेता मौजूद रहे।