पानीपत. अर्जुन अवॉर्ड की लड़ाई जीत चुके बॉक्सर मनोज कुमार के लिए बुधवार की सुबह काफी शानदार रही। एनआईएस पटियाला में एशियन गेम्स में जाने की तैयारी कर रहे मनोज को फोन पर अवॉर्ड के लिए चयन होने पर बधाई के संदेश मिलने शुरू हो गए थे। मनोज खुश तो थे लेकिन अंदर से एक उदासी भी थी। कैथल के राजौंद गांव निवासी मनोज ने भास्कर से बातचीत में कहा कि अर्जुन अवॉर्ड सभी को राष्ट्रपति के करकमलों से मिलता है, लेकिन उन्हें यह खेल मंत्री के हाथों मिलेगा।
मनोज ने बड़ी मासूमियत से पूछा कि क्या उन्हें राष्ट्रपति अवॉर्ड नहीं देंगे। उल्लेखनीय है कि मनोज का नाम भी अर्जुन अवॉर्ड की दौड़ में सबसे आगे था लेकिन साई की एक गलती ने उन्हें बाहर कर दिया। इसके बाद मनोज ने दिल्ली हाईकोर्ट का सहारा लिया।
परिवार में जश्न का माहौल
मनोज की लड़ाई लड़ने वाले उनके भाई और कोच राजेश कुमार ने कहा कि वे उन सभी का शुक्रिया अदा करते है जिन्होंने इस हक की लड़ाई में मनोज का साथ दिया। बुधवार को मनोज के गांव में उने परिवार ने जश्न मनाया।
(फोटो- बॉक्सर मनोज कुमार)