(क्षतिग्रस्त कार को सीधा कर सड़क पर लाते राहगीर।)
पानीपत। आंधी और बारिश में रविवार की शाम यमुना एनक्लेव के पास तेज हवा के झौंके ने फ्लाइओवर से नीचे उतर रही एक ऑल्टो कार को पलट दिया। कार ने चार पलटी खाई और डिवाइडर को क्रॉस करते हुए पानीपत से चंडीगढ़ की ओर जाने वाली लेन पार कर ग्रिल से जा टकराई। इस हादसे में कार में सवार दंपती बाल-बाल बच गया।
15 मिनट की आंधी से जिलेभर की बिजली आपूर्ति ठप हो गई। बिजली की 9 लाइन में खराबी आने से शहर में भी देर रात तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। शिकायत नंबर पर फोन की घंटी घनघनाती रही, लेकिन कोई जवाब देने के लिए सामने नहीं आया। 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली हवाओं ने धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। सूखे मार झेल रहे किसानों पर यह एक और आघात था।
अगले 24 घंटे में हो सकती बारिश
रविवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। दिन में 7.6 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चलीं। शाम साढ़े चार बजे करीब तेज आंधी के साथ आसमान में काली घटाएं से जिले में कई जगहों पर हल्की बारिश तो कहीं बूंदाबांदी हुई। शाम को 35 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से हवाएं चली। मौसम विशेषज्ञ श्यामसिंह ने बताया कि अगले 24 घंटे में बारिश होने की संभावना बनी है। आंधी ने धान की फसल को काफी नुकसान पहुंचाया है। जिले में 70 हजार हेक्टेयर में धान की फसल लगाई गई है।
जनकपुरी दिल्ली निवासी नवीन अपनी पत्नी के साथ रविवार को अपनी ऑल्टो कार से चंडीगढ़ से दिल्ली के लिए रवाना हुआ। शाम को जब कार पानीपत में सेक्टर 6 के सामने फ्लाइओवर से नीचे उतर रही थी तो हवा के तेज झोंके से कार पलट गई। स्पीड के चलते कार ने चार पलटी खाई और डिवाइडर को क्रॉस करते हुए पानीपत से चंडीगढ़ की ओर जाने वाली लेन पार कर ग्रिल से जा टकराई।
आसपास अन्य वाहन न होने से बड़ा हादसा टल गया। लोगों ने कार पलटी देखी तो तुरंत मौके पर पहुंचकर कार के अंदर से नवीन और उसकी पत्नी को बाहर निकाला। दोनों सही सलामत हैं। नवीन के सिर और बाजू पर कुछ चोट आई हैं। कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कार को सड़क से हटाया। निजी अस्पताल में उपचार के बाद अन्य सवारी से दंपती दिल्ली रवाना हो गया।
बरसात से यहां रही बिजली प्रभावित
सेक्टर 6 : शाम 5:05 से सुबह 6 बजे तक
धर्मगढ़ : शाम 5 बजे से 8:55 बजे तक
बापौली और जलालपुर : शाम 5:05 से 8:10 बजे तक
बाबरपुर : शाम 5:05 से रात 11 बजे तक
सेक्टर 13-17 : शाम 5:05 से 8:15 बजे तक
कुटानी रोड : शाम 5:20 से 8:10 बजे तक
नारायणा : 5:30 से रात 11 बजे तक
मांडी : शाम 5:20 से 7:20 तक
जेपी सीमेंट : शाम 6:50 से रात 11:30 बजे तक
सनोली रोड इंडस्ट्रीज फीडर : शाम 5:30 से 9:15 बजे तक
आगे की स्लाइड में देखिए तस्वीर....