पानीपत. विधानसभा चुनाव के लिए रविवार की सार्वजनिक छुट्टी को छोड़कर शेष सभी सात दिनों में नामांकन भरे जा सकेंगे। हालांकि इस बीच में 20, 23 और 25 सितंबर को सरकारी छुट्टियां हैं, लेकिन नेगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट के तहत सार्वजनिक अवकाश नहीं होने के कारण इन दिनों में भी नामांकन स्वीकार किए जाएंगे।
उधर वोटिंग परसेंटेज बढ़ाने के लिए हरियाणा निर्वाचन विभाग प्रदेश के 34 लाख वोटरों को एसएमएस भेजकर वोट डालने की अपील करेगा। ये एसएमएस चरणबद्ध तरीके से अलग-अलग फेज में भेजे जाएंगे। इसके लिए एनआईसी के सिस्टम का उपयोग किया जाएगा।
सुरक्षा: तीन राज्यों के डीसी-एसपी की बैठक कल सिरसा में
पानीपत. हरियाणा में विधानसभा चुनाव को देखते हुए 19 सितंबर को सिरसा में तीनों पड़ोसी राज्यों के साथ लगते बॉर्डर क्षेत्र के सुरक्षा प्रबंधों पर विचार करने के लिए हरियाणा, पंजाब एवं राजस्थान के जिला उपायुक्तों और पुलिस अधीक्षकों की मीटिंग होगी।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि राजस्थान के जिले हनुमानगढ़, पंजाब के जिले मानसा, बठिंडा, मुक्तसर और हरियाणा के फतेहाबाद के उपायुक्त एवं पुलिस अधीक्षक इस बैठक में शामिल होंगे। उधर डीजीपी एसएन वशिष्ठ ने पुलिस अफसरों को निर्देश दिए हैं कि विधानसभा चुनाव को देखते हुए घोषित अपराधियों की धरपकड़ तुरंत शुरू की जाए। साथ ही लाइसेंसी हथियारों को थानों में जमा करवाया जाए।
आगे की स्लाइड में पढ़ें ऐलान के बारे में