पानीपत. चुनाव आयोग ने नारनौल हलके से कांग्रेस उम्मीदवार राव नरेंद्र सिंह के खिलाफ एक होटल में गुपचुप तरीके से मीटिंग करने और मतदाताओं को खाना खिलाने के मामले में जनप्रतिनिधि एक्ट के तहत मामला दर्ज कराया है। होटल मालिक को भी नोटिस दिया गया है। रिटर्निंग अधिकारी कैप्टन मनोज कुमार के अनुसार 28 सितंबर को राव नरेंद्र द्वारा शहर के एक होटल में गुपचुप ढंग से मीटिंग करने और वहां मतदाताओं को खाना खिलाने की शिकायत जिला चुनाव अधिकारी को मिली थी। जब चुनाव आयोग की टीम होटल पहुंची तो वहां राव नरेंद्र सिंह के साथ लगभग 150 लोग बैठे मिले।
दुग्गल का प्रचार वाहन पकड़ा
फतेहाबाद जिले की रतिया विस सीट पर चुनाव आयोग की टीम ने सोमवार को भाजपा प्रत्याशी सुनीता दुग्गल का प्रचार वाहन पकड़ा। तहसील कार्यालय परिसर में दस्तावेज चेक करने के बाद वाहन को छोड़ दिया गया।
कुरुक्षेत्र में 18 काे नोटिस
लाडवा में गैर निर्धारित स्थानों पर फ्लैक्स, होर्डिंग और पेंटिंग करने पर भाजपा प्रत्याशी पवन कुमार व कांग्रेस उम्मीदवार कैलाशो सैनी सहित 18 लोगों को नोटिस जारी किए हैं। उधर, मीडिया सर्टिफिकेशन एवं मॉनिटरिंग कमेटी की सिफारिश पर गुड़गांव जिले की चारों विधानसभा सीटों पर 12 प्रत्याशियों को पेड न्यूज के नोटिस जारी किए हैं। इनमें सोहना व बादशाहपुर से कांग्रेस-भाजपा के प्रत्याशी शामिल हैं।