पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर
डाउनलोड करेंपानीपत. बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिला परिषद की चेयरपर्सन ज्योति जागलान ने कहा कि पहले अधिकारी परिचय दें। इसके बाद ही आगे के कार्रवाई शुरू की जाएगी। परिचय के दौरान कई विभागों के अधिकारी नहीं मिले, उनके सहायक आए हुए थे।
इससे खफा होकर चेयरपर्सन जागलान ने कहा कि कुछ अधिकारी जान बुझकर बैठक में नहीं आते हैं। वे अपने सहायकों को भेज देते हैं, ताकि वे जवाबदेही से बच सकें। इन अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भेजा जाए।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को गति प्रदान करने में ग्रामीण विकास से जुड़े सभी अधिकारी संगठित होकर कार्य करें और 31 मार्च का इंतजार न करते हुए अपने सभी विकास कार्य फरवरी महीने में पूरा करवाएं। ताकि चुनाव आचार संहिता लगने से पूर्व ही विकास कार्य हो जाएं। गांवों में स्ट्रीट लाइट व पानी की व्यवस्था की जाए। एडीसी वर्मा ने उन्हें विश्वास दिलाया कि आगे बैठक में अधिकारी मौजूद रहेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त ने पार्षदों की शिकायतों के दिए जवाब
शिकायत : कार्रवाई रजिस्टर है नहीं किस में शिकायत दर्ज करें : वार्ड-12 के सदस्य कर्ण सिंह पसीना ने कहा कि नियम के अनुसार जिला परिषद की बैठक तीन महीने में होनी चाहिए। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है। बैठक में रजिस्टर नहीं रखा जाता है। न ही एजेंडे की कॉपी मिलती है। ऐसे में सदस्य कहां शिकायत करें। उनके वार्ड में सौर ऊर्जा की लाइट नहीं जल रही हैं। मार्केटिंग बोर्ड ने छाजपुर और सिवाह रोड बनवाया था। ये एक साल में ही टूट गए हैं।
जवाब : एडीसी वर्मा ने कहा कि कई सरकारी कार्यक्रम व सीएम के दौरे होने के कारण जिला परिषद की बैठक बुलाने में
देरी हो गई है। भविष्य में बैठक समय पर बुलाकर उसमें कार्रवाई रजिस्टर रखा जाएगा। एजेंडा अंग्रेजी व हिंदी में परिषद के सदस्यों की मेल पर डाला जाएगा। जिन सदस्यों की ई मेल आईडी नहीं है उनके पास एजेंडा कापी भेजी जाएगी।
शिकायत: सबसे बड़ा वार्ड, ग्रांट नहीं : वार्ड-13 की पार्षद कमला गाहल्याण ने कहा कि उनका सबसे बड़ा है। इसमें 21 गांव व 16 पंचायत शामिल हैं। उसके वार्ड में सड़कों के निर्माण व अन्य निर्माण कार्य करवाने के लिए ग्रांट नहीं दी जा रही। इंदिरा आवास योजना के तहत पात्रों का लाभ नहीं मिल रहा है। हथवाला से आट्टा तक रोड निर्माण नहीं कराया गया। पार्षद पति रणबीर सिंह ने कहा कि वार्ड-13 में हैंडपंप तक नहीं है।
जवाब: एडीसी वर्मा ने कहा कि सड़कों का निर्माण करवाया जाएगा। जहां जरूरत है वहा पर हैंडपंप व नलकूप लगवाया जाएगा। ग्रांट भी मुहैया करवाई जाएगी।
शिकायत: सरपंच चलाते हैं मनमर्जी : वार्ड-4 के पार्षद गीना राम ने कहा कि सरपंच मनमर्जी करते हैं। कई अपात्रों को इंदिरा आवास योजना का लाभ दे दिया। ग्रांट भी सही ढंग से नहीं खर्च की जा रही है। इससे लोगों को फायदा नहीं मिल रहा है। इससे न तो विकास ही हो रहे हैं और न ही लोगों को सुविधाओं का लाभ ही मिल पा रहा है।
जवाब: एडीसी वर्मा ने कहा कि इस मामले की जांच कराई जाएगी। गड़बड़ी पाए जाने पर सरपंचों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
Copyright © 2021-22 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.