गन्नौर. शहर के गढ़ी झिझारा रोड गांधी नगर की एक महिला को 25 लाख रुपए की लॉटरी निकलने का झांसा देकर 47 हजार रुपए ठगने का मामला सामने आया है। पीड़ित महिला पूनम ने पुलिस को बताया कि सितंबर माह में उसके
मोबाइल पर फोन आया था। दूसरी ओर से फोन करने वाले व्यक्ति ने बताया कि वह झारखंड से रवि कुमार बोल रहा है।
उसने बताया कि आपकी 25 लाख रुपए लॉटरी लगी है। इसके लिए कुछ कागजात पूरे करने होंगे। इसके बाद आरोपी ने एक खाते में उससे तीन बार में करीब साढ़े 47 हजार रुपए जमा करवा लिए। उसे बताया कि दो सप्ताह में उसके खाते में लॉटरी के इनाम की राशि मिल जाएगी, लेकिन उन्हें कोई राशि नहीं मिली। इस धोखाधड़ी में आरोपी रवि के साथ अजात चौक गोरखपुर यूपी निवासी अनुजमल भी शामिल था। पूनम के अनुसार उसने आरोपियों से कई बार संपर्क किया लेकिन उनसे बातचीत नहीं हो सकी। पुलिस ने अनुजमल व रवि के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है। जांच अधिकारी सतबीर ने बताया कि जिन खातों में राशि डलवाई गई है, वह किसके नाम है, इसका जल्द ही पता लगाकर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।