(सड़क सुरक्षा विषय पर पेपर देते विद्यार्थी)
समालखा (पानीपत)। स्कूल स्तर से ही बच्चों को ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूक करने को लेकर बुधवार को पुलिस व शिक्षा विभाग की ओर से जागरूकता परीक्षा का आयोजन किया गया। सीबीएसई स्कूलों में जहां पुलिस, वहीं सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में शिक्षा विभाग ने परीक्षा ली। हालांकि पेपरों की प्रति कम होने के कारण बहुत से स्कूलों में बच्चों को अध्यापक द्वारा बोले जाने पर खाली उत्तर पर टिक करना पड़ा। इससे काफी परेशानी हुई।
थाना प्रभारी अमित कुमार के मुताबिक परीक्षा में बच्चों से ट्रैफिक नियमों के बारे में प्रश्न पूछे गए। उन्होंने बताया कि पेपर तीन सत्र में बांटा गया था। उन्होंने बताया कि हर स्कूल में प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले बच्चों को आगामी 13 दिसंबर को होने वाली खंड स्तरीय परीक्षा में शामिल किया जाएगा। इसके बाद वहां प्रथम, द्वितीय व तृतीय आने वाले बच्चे जिला स्तर व उसके बाद राज्य स्तर पर परीक्षा में भाग ले सकेंगे।
बोलकर चलाया काम
ट्रैफिक नियमों को लेकर शिक्षा विभाग व पुलिस ने जो प्रश्न पत्र बनाया था, वह कई पेज का था। जो स्कूलों में जरूरत के हिसाब से उपलब्ध नहीं कराया गया। इस कारण शिक्षकों को बोलकर परीक्षा का काम चलाना पड़ा। वहीं बच्चों ने भी प्रश्न सुनकर अपनी ही कापी पर प्रश्न के हिसाब से उत्तर का टिक लगाकर काम चलाया।
अव्वल रहे बच्चों की होगी ब्लाॅक स्तर पर परीक्षा
पुलिस विभाग की ओर से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों के प्रति जागरूक करने के प्रतियोगिता करवाई गई। इसके तहत सड़क सुरक्षा को लेकर प्रश्नपत्र तैयार किया गया था। इसमें 25 से 40 प्रश्न दिए गए थे। परीक्षा के दौरान तीसरी से पांचवीं कक्षा, 6वीं से 8वीं कक्षा और 9वीं से 12वीं कक्षा तक तीन ग्रुपोंं में बांटा गया था। मतलौडा थाना प्रभारी नरेंद्र कुमार ने बुधवार को क्षेत्र के भारतीय विद्या निकेतन, इंडियन पब्लिक स्कूल, सनराइज स्कूल, न्यू ईरा स्कूल और शेरा गांव के आर्यन ग्लोबल स्कूल, गीता पब्लिक स्कूलों व सरकारी स्कूलों का दौरा कर बच्चों की चल रही परीक्षा का जायजा लिया। एसएचओ नरेंद्र कुमार ने बताया कि इस परीक्षा में अव्वल आने वाले बच्चों की ब्लाॅक स्तर पर प्रतियोगिता करवाई जाएगी। इसके बाद जिला स्तर, रेंज स्तर पर और फिर प्रदेश स्तर पर परीक्षा ली जाएगी। हर स्तर पर विजेता विद्यार्थियों को सम्मानित करने का प्रावधान किया गया है। उल्लेखनीय है कि सड़क नियमों की जानकारी न होने के कारण हर रोज सड़क दुर्घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। इस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने विद्यार्थियों को जागरूक करने का बीड़ा उठाया है।