करनाल। मीठी-मीठी ठंड 12 दिसंबर के बाद से अपने तेवर दिखाएगी। साइबेरिया से ईरान, अफगानिस्तान पाकिस्तान से होते हुए पश्चिम विक्षोभ (वेस्टर्न डिस्टर्बेंस-डब्ल्यूडी) 12 से 14 दिसंबर तक आ रहा है। यह 12 को
जम्मू-कश्मीर में दाखिल होगा, जबकि 13 को मैदानी इलाकों में असर दिखाएगा। इसके असर से पहाड़ों पर
बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बूंदाबांदी हो सकती है। यह डब्ल्यूडी मजबूत है। तापमान के नीचे गिरने की संभावना है।
हरियाणा समेत समूचे उत्तर भारत में ठंडक जोर पकड़ सकती है। अभी उत्तर भारत में दो से पांच डिग्री तक तापमान सामान्य से अधिक चल रहा है। हालांकि पिछले 24 घंटे में न्यूनतम तापमान में करीब 2.5 डिग्री की कमी दर्ज की गई है।
सर्दी में देरी की वजह
अब तक आए पश्चिम विक्षोभ कमजोर ही रहे। न तो पहाड़ों पर अच्छी बर्फ गिरी, न ही मैदानों में बरसात। दिसंबर में धुंध या कोहरा भी अभी नहीं पड़ रहा है। दिन में धूप तेज निकल रही है। गुनगुनी धूप का मजा लेने वाले इस मौसम में अभी धूप में बैठना मुश्किल है। मौसम वैज्ञानिक भी ठंड कुछ लेट होने की बात कह रहे हैं।