(बिक्री केंद्र बंद होने व खाद की किल्लत से परेशान किसानों ने महावटी स्थित सोसायटी पर रोष जताया।)
समालखा। खाद की किल्लत से परेशान राक्सेड़ा के किसानों ने सोमवार दोपहर महावटी स्थित दी महावटी प्राथमिक कृषि सहकारी समिति पर ताला जड़ दिया। इसके अलावा उन्होंने गांव में बंद पड़े बिक्री केंद्र को चालू कराने की मांग उठाई। इस दौरान किसानों ने विभाग के खिलाफ नारेबाजी कर रोष जताया। वहीं, सूचना मिलने पर पहुंचे मैनेजर ने गांव में बंद पड़े बिक्री केंद्र को चालू करा, वहीं से खाद उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया तो तब जाकर किसानों ने ताला खोला।
दी महावटी प्राथमिक कृषि सहकारी समिति व खाद्य बिक्री केंद्र पर पहुंचे किसान रामकिशन, हुकम सिंह, भगवानदास, जयप्रकाश शर्मा, जयभगवान, बलबीर, अजरूद्दीन, कृष्ण कुमार, अर्जुनदास, हरबंस, राजबीर, रमेश ने बताया कि वो सभी राक्सेड़ा के वासी हैं। उनके गांव में तालाब के पास खाद बिक्री केंद्र खुला हुआ था, लेकिन वो पिछले तीन सालों से बंद पड़ा है।
किसानों का कहना है कि खाद बिक्री केंद्र बंद होने के कारण उनको यूरिया व डीएपी के लिए कई किलोमीटर दूर महावटी आना पड़ता है।
वहां कभी खाद मिलता है तो कभी नहीं। यहां से खाद ले जाने के लिए उनको सवारी न मिलने पर परेशानी होती है। किसानों ने बताया कि उनके गांव के अलावा बसाड़ा, बुढ़नपुर व सिम्भलगढ़ के किसानों को भी दिक्कत होती है। उन्होंने बताया कि समय पर यूरिया नहीं मिल पाने के कारण उनकी गेहूं की फसल बिना सिंचाई के सूखने के कगार पर है।
आगे की स्लाइड में पढ़िए पूरी खबर...